
कोरबा/01 मई, 2026/ जिले में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत कटघोरा के ग्राम पंचायत धनरास में प्रथम जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन करके तिहार का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री देवांगन ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 100 दिवस का रोजगार पूर्ण करने वाले श्रमिक परिवारों को सम्मानित किया। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिक श्री धनेश्वर सिंह एवं श्री सिद्धांत सिंह को श्रीफल, पुष्प गुच्छ एवं जॉब कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
मंत्री श्री देवांगन ने इस अवसर पर श्रमिकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शासकीय योजनाओ का लाभ ले कर ग्रामीण परिवार आर्थिक रूप से सशक्त बनें। उन्होंने श्रमिकों को मेहनत और लगन से कार्य करते हुए अपनी आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचन्द पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह, प्रभारी कलेक्टर आशुतोष पाण्डे, सीईओ जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



