
सक्ती । आईपीएल मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले गिरोह पर सक्ती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना सक्ती द्वारा अपराध क्रमांक 197/2026, धारा 07 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी भुपेन्द्र राठौर (28 वर्ष), निवासी रानीसागर पारा सक्ती, विभिन्न बेटिंग ऐप्स के जरिए आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था। वह क्यूआर कोड के माध्यम से आईडी तैयार कर अन्य लोगों को व्हाट्सएप के जरिए आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराता था और इसके जरिए रकम लेनदेन करता था।
मुखबिर की सूचना पर 29 अप्रैल 2026 को पुलिस ने दबिश देकर भुपेन्द्र राठौर को गिरफ्तार किया, जिसे बाद में न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल से मिले डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो अन्य आरोपियों:
चंद्रेश कुमार राठौर (32 वर्ष), निवासी नंदौर खुर्द,मुकेश अग्रवाल (46 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 16, स्टेशन रोड सक्ती को भी गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी भुपेन्द्र से आईडी खरीदकर आईपीएल मैचों में सट्टा खेलते पाए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया और उनके कब्जे से 2 मोबाइल फोन (कुल कीमत लगभग 30,000 रुपये) जब्त किए गए। वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिए जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन में आईपीएल सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में टीम ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



