
31 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त, अवैध कबाड़ परिवहन पर पुलिस का शिकंजा
रायगढ़।रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पूंजीपथरा पुलिस ने 4 माजदा वाहनों से 14 टन 700 किलो लोहा एवं टीना कबाड़ जब्त किया है। पुलिस ने कबाड़ समेत चारों वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 31 लाख 23 हजार 800 रुपये आंकी है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों, चोरी के माल की खरीदी-बिक्री और अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना पूंजीपथरा पुलिस ने 9 मई को तमनार चौक पर सघन नाकेबंदी के दौरान यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
नाकेबंदी के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि धरमजयगढ़ और घरघोड़ा क्षेत्र से अलग- अलग वाहनों में कबाड़ भरकर पूंजीपथरा की ओर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों को रोककर जांच की, जिसमें भारी मात्रा में कबाड़ सामग्री मिली।
इन वाहनों से मिला कबाड़
ट्रक क्रमांक CG 04 MR 2867 से लगभग 3 टन 700 किलो कबाड़ बरामद किया गया। वाहन चालक पुरूषोत्तम यादव बताया गया।
माजदा वाहन CG 14 MD 7161 से करीब 4 टन कबाड़ मिला, जिसे दीपक राम मांझी चला रहा था।
माजदा वाहन CG 04 JD 7747 से लगभग 3 टन लोहा एवं टीना कबाड़ बरामद हुआ। चालक पुनवा राम नौरंग था।
माजदा वाहन CG 11 BM 6416 से करीब 4 टन कबाड़ जब्त किया गया। वाहन किशना सतनामी चला रहा था।
दस्तावेज नहीं दिखा सके चालक
पुलिस ने जब वाहन चालकों से कबाड़ परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, तो वे कोई संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। चोरी अथवा संदिग्ध संपत्ति होने के संदेह पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
यह कार्रवाई डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में एएसआई उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की, गजेन्द्र पैंकरा और आरक्षक कीर्तन यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार के तहत चोरी के माल, अवैध कबाड़ कारोबार और संदिग्ध संपत्ति के परिवहन पर रायगढ़ पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”



