
चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार पर रायगढ़ पुलिस का सख्त अभियान जारी
रायगढ़ ।जिले में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 29 संदिग्ध कबाड़ी और फेरीवालों को थाने लाकर उनकी तस्दीक की। पुलिस ने सभी व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट लेकर सत्यापन किया और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए कड़ी चेतावनी दी।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों, चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में चक्रधरनगर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई।
विशेष अभियान चलाकर की गई तस्दीक
नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में सक्रिय संदिग्ध कबाड़ बीनने वालों और फेरीवालों की पहचान कर उन्हें थाने लाकर पूछताछ की।
पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि कुछ संदिग्ध कबाड़ी और फेरीवाले चोरी तथा अवैध कबाड़ गतिविधियों से जुड़े हुए हैं और संपत्ति संबंधी अपराधों के स्रोत के रूप में काम कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष सत्यापन अभियान चलाया।
फिंगरप्रिंट लेकर किया गया सत्यापन
कार्रवाई के दौरान सभी 29 संदिग्ध व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट लेकर उनके आपराधिक रिकॉर्ड और गतिविधियों का सत्यापन किया गया। थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने सभी को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में चोरी, अवैध कबाड़ खरीद-बिक्री या किसी भी संदिग्ध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने सभी व्यक्तियों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार के तहत चोरी, नकबजनी, अवैध कबाड़ कारोबार और ऐसे अपराधों को बढ़ावा देने वाले स्रोतों पर रायगढ़ पुलिस की लगातार नजर है। संदिग्ध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।



