
रायगढ़। मिट्ठूमुड़ा क्षेत्र स्थित न्यू दुर्गा मंदिर तालाब के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 7 मई 2026 को एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला था, जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक कार्रवाई थाना चक्रधरनगर पुलिस द्वारा की गई। मर्ग पंचनामा के दौरान जांच में घटना स्थल जूटमिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत पाए जाने पर मर्ग डायरी अग्रिम जांच के लिए थाना जूटमिल को भेज दी गई है।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है। मृतक के हाथ में गोदना (टैटू) बना हुआ है, जिसे पहचान का महत्वपूर्ण चिन्ह माना जा रहा है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव को सुरक्षित रूप से मर्च्युरी में रखवाया गया है तथा जूटमिल पुलिस मृतक के परिजनों और वारिसों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मृतक के संबंध में कोई जानकारी या पहचान हो तो तत्काल थाना जूटमिल, रायगढ़ से संपर्क कर पुलिस की सहायता करें। मामले में आगे की जांच जारी है।



