featuredकोरबाछत्तीसगढ़

सुशासन तिहार शिविर में उमड़ी भीड़, महापौर बोलीं- जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान ही हमारी प्राथमिकता

दर्री जोन कार्यालय में आयोजित हुआ नगर निगम कोरबा का छठवां जनसमस्या निवारण शिविर, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा आयोजित सुशासन तिहार 2026 के तहत शुक्रवार को दर्री जोन कार्यालय परिसर में छठवें जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं तथा विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया।

मुख्य अतिथि महापौर संजूदेवी राजपूत ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण कराना ही जनप्रतिनिधियों का पहला लक्ष्य है और सुशासन तिहार शिविर इसी उद्देश्य को सफल बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में आयोजित शिविरों से लोगों को त्वरित राहत मिल रही है और शासन सीधे जनता तक पहुंच रहा है।

महापौर ने कहा कि नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव और उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के मार्गदर्शन में निगम क्षेत्र के सभी 67 वार्डों में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही लोगों को मकान और जमीन के पट्टे मिलने की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है, जिससे हजारों परिवारों को राहत मिलेगी।

आयुक्त ने गिनाईं दर्री जोन की उपलब्धियां

शिविर में निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने दर्री जोन के विकास कार्यों और निगम की उपलब्धियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 से अब तक दर्री जोन में 21 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से 105 विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें 40 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, 43 कार्य प्रगति पर हैं जबकि 22 कार्यों की निविदा प्रक्रिया जारी है।

आयुक्त ने बताया कि दर्री जोन में एनटीपीसी के माध्यम से भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण कराया जाएगा और दो मॉडल वेंडिंग जोन भी विकसित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि दर्री जोन का मणिकंचन केंद्र पूरे प्रदेश में अव्वल स्थान पर है, जिसकी लगातार सराहना हो रही है।

सरकार को बताया सुशासन की पर्याय

सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने चुनाव से पहले किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में तेजी से काम किया है।

वहीं वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार सुशासन की पर्याय बन चुकी है।

वरिष्ठ पार्षद राधा महंत ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करना है। उन्होंने कहा कि कोरबा जैसे झुग्गी-झोपड़ी बाहुल्य शहर में पट्टा वितरण सबसे बड़ी जरूरत रही है, जिसे अब सरकार पूरा करने जा रही है।

हितग्राहियों को बांटे स्वीकृति पत्र, राशन कार्ड और सहायता सामग्री

शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों को भवन स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। वहीं कई पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, श्रद्धांजलि योजना के चेक, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर और छड़ी वितरित की गई।

कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन,मंडल अध्यक्ष मनोज लहरे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।

25 मई को सर्वमंगलानगर जोन में लगेगा अगला शिविर

नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत अगला जनसमस्या निवारण शिविर 25 मई को सर्वमंगलानगर जोन अंतर्गत विकासनगर मंगल भवन में आयोजित किया जाएगा, जहां नागरिक अपनी समस्याएं और आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button