featuredछत्तीसगढ़

हाईवे पर ट्रकों से डीजल लूटने वाला संगठित गिरोह गिरफ्तार,बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने हाईवे किनारे खड़ी ट्रकों को निशाना बनाकर डीजल लूटपाट करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो एवं रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन, धारदार चाकू, नगदी रकम और 74 लीटर डीजल बरामद किया गया है। पुलिस का दावा है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की भी पहचान कर ली गई है और पूरे सिंडिकेट को जल्द ध्वस्त किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में संजय कुमार कुर्रे, मणीशंकर कुर्रे और अमित भारद्वाज शामिल हैं, जो जांजगीर-चांपा जिले के बगडबरी गांव के निवासी हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना सिरगिट्टी एवं थाना कोनी में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किए गए हैं।

ट्रकों को बनाते थे निशाना

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रात के समय हाईवे किनारे खड़े ट्रकों की डीजल टंकियों को तोड़कर डीजल चोरी करते थे। विरोध करने पर मारपीट और लूटपाट जैसी वारदातों को भी अंजाम दिया जाता था।

दिनांक 18 मई 2026 को बेवरेज कॉर्पोरेशन सिरगिट्टी के सामने खड़े वाहन से डीजल चोरी के दौरान विरोध करने पर आरोपियों ने वाहन चालक के साथ मारपीट की थी। वहीं 24 मई 2026 को थाना कोनी क्षेत्र में ट्रेलर क्रमांक CG 10 BL 8136 की टंकी तोड़कर करीब 100 लीटर डीजल चोरी कर स्कार्पियो वाहन से फरार हो गए थे।

इसके अलावा 28 मार्च 2026 को ग्राम सेंदरी के पास नेशनल हाईवे किनारे खड़े ट्रेलर से करीब 270 लीटर डीजल चोरी किए जाने का मामला भी इन्हीं आरोपियों से जुड़ा पाया गया।

तकनीकी जांच और सीसीटीवी से मिली सफलता

लगातार हो रही डीजल चोरी और लूटपाट की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू एवं थाना सिरगिट्टी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और पुराने मामलों का विश्लेषण करते हुए अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे स्कार्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन का उपयोग कर रात में हाईवे किनारे खड़ी ट्रकों को निशाना बनाते थे। आरोपियों ने बेमेतरा, बलौदाबाजार, कवर्धा, महासमुंद, रायगढ़, कोरबा, सकरी बायपास, सरगांव, जांजगीर और कोनी हाईवे क्षेत्र में भी इसी प्रकार की वारदातें करना कबूल किया है।

ये सामान हुए बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से

– घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन

– रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन

– एक धारदार चाकू

– कुल 2600 रुपये नगद

– 74 लीटर डीजल बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button