featuredछत्तीसगढ़

रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का किया भंडाफोड़, दो गिरफ्तार, 31.99 लाख नकद जब्त

आईपीएल फाइनल पर चल रहा था करोड़ों का खेल, दो गिरफ्तार, तीन आरोपी फरार

रायगढ़, 01 जून 2026। रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन अंकुश” के तहत ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खरसिया में संचालित एक संगठित सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। साइबर थाना और खरसिया चौकी की संयुक्त टीम ने आईपीएल फाइनल मैच GT Vs RCB पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन एवं एक नोट गिनने की मशीन जब्त की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा एवं एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गंज बाजार निवासी गगन अग्रवाल (28 वर्ष) एवं शुभम अग्रवाल उर्फ कालू (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन की बात स्वीकार करते हुए रिकेश राय, अर्जुन राठौर एवं साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर सिंडिकेट चलाने की जानकारी दी।

पुलिस जांच में सामने आया कि साहिल अग्रवाल सट्टे से प्राप्त रकम को अपने व्यवसाय में खपाकर कमीशन के रूप में लाभ कमाता था। आरोपियों के कब्जे से बरामद मोबाइल फोन में ऑनलाइन सट्टेबाजी से संबंधित आईडी एवं अन्य तकनीकी साक्ष्य मिले हैं।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एसबीआई बैंक के पीछे स्थित गोपाल राइस मिल कॉलोनी में दबिश दी। पुलिस को देखते ही साहिल अग्रवाल मौके से फरार हो गया, लेकिन उसके घर से दो बैग और नोट गिनने की मशीन बरामद हुई। बैगों की तलाशी में 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोटों सहित 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद मिले, जिनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

प्रारंभिक जांच में संगठित गिरोह बनाकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन की पुष्टि होने पर पुलिस ने गगन अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, रिकेश राय, अर्जुन राठौर एवं साहिल अग्रवाल के विरुद्ध छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी साहिल अग्रवाल, रिकेश राय और अर्जुन राठौर की तलाश जारी है। वहीं गिरफ्तार आरोपी गगन अग्रवाल का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उस पर इसी वर्ष मार्च में थाना चक्रधरनगर क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा प्रकरण में कार्रवाई हो चुकी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन अंकुश के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार से जुड़े प्रत्येक आरोपी पर कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

फैक्ट फाइल

गिरफ्तार आरोपी: 2

फरार आरोपी: 3

जब्त नकदी: ₹31,99,700

जब्त सामग्री: 2 मोबाइल फोन, नोट गिनने की मशीन

स्थान: गंज बाजार, खरसिया (रायगढ़)

अभियान: ऑपरेशन अंकुश

मामला: ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी (आईपीएल फाइनल GT Vs RCB)

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button