featuredछत्तीसगढ़

घरघोड़ा में करोड़ों की संपत्ति हड़पने की कथित साजिश का खुलासा, पत्नी और साले गिरफ्तार

रायगढ़, 5 जून 2026। रायगढ़ पुलिस ने घरघोड़ा क्षेत्र में एक व्यवसायी की करोड़ों रुपये की संपत्ति और मेहनत की कमाई हड़पने की कथित साजिश का पर्दाफाश करते हुए उसकी पत्नी और साले को गिरफ्तार किया है। मामले में चोरी, धोखाधड़ी, गबन और आपराधिक षड्यंत्र के आरोपों की जांच के बाद थाना घरघोड़ा में अपराध दर्ज किया गया है। एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी अभी शेष है।

पुलिस के अनुसार, घरघोड़ा निवासी व्यवसायी पिंगल कुमार बघेल (41 वर्ष) की शिकायत पर एसडीओपी धरमजयगढ़ द्वारा विस्तृत जांच की गई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर पत्नी सीमा बघेल, साले कृष्ण कुमार यादव तथा ससुर भरतलाल यादव के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया।

व्यवसाय की रकम निकालकर साले को देने का आरोप

शिकायतकर्ता ने बताया कि वह फेब्रिकेशन, सेंट्रिंग और मीडिया व्यवसाय से जुड़ा है तथा प्रतिदिन की आय पत्नी को सुरक्षित रखने के लिए सौंपता था। वर्ष 2014 में आय और उपलब्ध रकम में अंतर दिखाई देने पर उसने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए। आरोप है कि फुटेज में पत्नी को अलमारी से नकदी निकालकर अपने भाई कृष्ण कुमार यादव को देते हुए देखा गया।

जांच के दौरान कृष्ण कुमार यादव के बैंक खाते में लगभग 22 लाख रुपये के लेन-देन पाए गए, जबकि वह बेरोजगार बताया गया है। पुलिस ने इसे जांच का महत्वपूर्ण आधार माना है।

अधिग्रहण योग्य भूमि पत्नी के नाम कराने का आरोप

शिकायत के अनुसार वर्ष 2022 में तमनार क्षेत्र में ऐसी भूमि खरीदने की योजना बनाई गई थी, जिस पर भविष्य में अधिग्रहण के कारण भारी मुआवजा और नौकरी मिलने की संभावना थी। आरोप है कि पत्नी, साला और ससुर ने मिलकर दबाव बनाकर लगभग 13.50 लाख रुपये मूल्य की भूमि सीमा बघेल के नाम पर रजिस्ट्री करा ली। इसके बाद अन्य संपत्तियों पर भी कब्जा करने के उद्देश्य से मानसिक प्रताड़ना दी गई।

जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए

एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी की जांच रिपोर्ट में यह पाया गया कि आरोपियों ने कथित रूप से योजनाबद्ध तरीके से शिकायतकर्ता को आर्थिक नुकसान पहुंचाने और उसकी संपत्ति से अनुचित लाभ प्राप्त करने का प्रयास किया। जांच के आधार पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 188/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

दो आरोपी न्यायिक रिमांड पर

थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस ने 4 जून को सीमा बघेल और कृष्ण कुमार यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में नामजद एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

एसएसपी का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि आर्थिक अपराध, धोखाधड़ी और गबन जैसे मामलों में शामिल लोगों को कानून से बचने का अवसर नहीं दिया जाएगा। पीड़ितों को न्याय दिलाना और आर्थिक अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना पुलिस की प्राथमिकता है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button