featuredकोरबाछत्तीसगढ़

विश्व पर्यावरण दिवस पर महाविद्यालय में ‘क्लाइमेट एक्शन’ की गूंज,विद्यार्थियों ने लिया हरित भविष्य का संकल्प

पौधरोपण, पोस्टर प्रस्तुति, कहानी लेखन और बौद्धिक सत्र के माध्यम से जलवायु संरक्षण का संदेश

कोरबा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शासकीय इंजीनियर विश्वेश्वरैया स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोरबा में “क्लाइमेट एक्शन” विषय पर विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय पर्यावरण संरक्षण मंडल कोरबा, राष्ट्रीय सेवा योजना (रा.से.यो.) एवं एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसन्ना सोनकर, क्षेत्रीय अधिकारी, छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, कोरबा ने कहा कि “प्रकृति की जरूरत हमें है, प्रकृति को हमारी नहीं।” उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि पृथ्वी सभी की आवश्यकताओं की पूर्ति कर सकती है, लेकिन किसी एक व्यक्ति के लालच की नहीं। उन्होंने जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रकृति के साथ संतुलित जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एल.एन. कंवर ने “क्लाइमेट एक्शन: समय की पुकार” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन आज की सबसे बड़ी वैश्विक चुनौतियों में से एक है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा दक्षता, जल संरक्षण एवं सतत जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधरोपण

विश्व पर्यावरण दिवस की शुरुआत महाविद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण से हुई। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

रचनात्मक गतिविधियों में दिखा विद्यार्थियों का उत्साह

कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें ‘एक पेड़ की आत्मकथा और बदलती जलवायु’ विषय पर कहानी लेखन प्रतियोगिता, ‘धरती की पुकार : अब तो जागो इंसान’ विषय पर पोस्टर प्रस्तुति तथा ‘जलवायु कार्यवाही और जीवन शैली परिवर्तन : मिशन लाइफ की प्रासंगिकता’ विषय पर बौद्धिक सत्र प्रमुख रहे।

इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति अपनी सोच और रचनात्मकता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

पर्यावरण संरक्षण का लिया सामूहिक संकल्प

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु कार्रवाई को जनआंदोलन बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प भी दोहराया।

इस अवसर पर डॉ. व्ही.के. नायडू, बलराम कुर्रे, सुशील कुमार अग्रवाल, एनसीसी अधिकारी शुभम ढोरिया, ग्रंथपाल दीपक सिंह टेकाम सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। राष्ट्रीय सेवा योजना एवं एनसीसी के स्वयंसेवकों और कैडेट्स ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार पटेल ने किया। आयोजन ने विद्यार्थियों में पर्यावरणीय जिम्मेदारी और जलवायु संरक्षण के प्रति जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button