featuredछत्तीसगढ़

नगरीय निकायों की समीक्षा में कलेक्टर ने धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

पीएम आवास और पीएम स्वनिधि योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

विकास कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के दिए निर्देश

जशपुरनगर 07 जुलाई 2026/ कलेक्टर  रोहित व्यास ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के सभी पांच नगरीय निकायों जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव, बगीचा एवं कोतबा के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना तथा नगरीय निकायों में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी योजनाओं एवं निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

पीएम स्वनिधि योजना से अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडरों को जोड़ने पर जोर

बैठक में कलेक्टर श्री व्यास ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत लक्ष्य के अनुरूप ऋण वितरण की जानकारी ली। उन्होंने सभी नगरीय निकायों को विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र स्ट्रीट वेंडरों को योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने के लिए कहा।

पीएम आवास के अपूर्ण और अप्रारंभ आवासों को जल्द पूरा करने के निर्देश

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 एवं 2.0 की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वीकृत, पूर्ण, प्रगतिरत, अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों की नगरीय निकायवार जानकारी ली। उन्होंने आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा हितग्राहियों को जागरूक कर निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान बगीचा एवं कोतबा नगरीय निकायों में प्रधानमंत्री आवास योजना की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हितग्राहियों से नियमित संपर्क कर निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि सभी स्वीकृत आवास समय-सीमा में पूर्ण हो सकें। उन्होंने नींव स्तर, लिंटल (छज्जा) स्तर एवं छत स्तर तक पहुंच चुके निर्माण कार्यों की अलग-अलग समीक्षा करते हुए प्रत्येक चरण में प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।

विकास कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का रखें विशेष ध्यान

कलेक्टर श्री व्यास ने बैठक में नगरीय निकायों में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने सौंदर्यीकरण, स्ट्रीट लाइट, सड़क निर्माण, ऑडिटोरियम, नाली निर्माण, सामुदायिक भवन तथा पेयजल परियोजनाओं सहित सभी कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसलिए सभी निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने सभी सीएमओ को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए सतत प्रयास करने के निर्देश दिए।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button