
बिलासपुर। महिला संबंधी गंभीर अपराध में पिछले दो माह से फरार चल रहे आरोपी को रतनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस के अनुसार थाना रतनपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 367/2026 के तहत पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 मई 2026 की रात करीब 2 बजे, जब उसका पति घर से बाहर था और वह आंगन में सो रही थी, तभी आरोपी गौतमचंद्र उर्फ पप्पू डोंगरे ने कथित रूप से उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर महिला संबंधी लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के अभियान के तहत फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 11 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव खैरा डगनिया आया हुआ है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी कोटा नुपुर उपाध्याय के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय की टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों में फरार आरोपियों के खिलाफ आगे भी लगातार विशेष अभियान चलाया जाएगा।




