featuredछत्तीसगढ़

संभाग आयुक्त सुनील जैन ने जिला अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली

शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, अपार आईडी और बोर्ड परीक्षा की तैयारी पर विशेष फोकस के निर्देश

जांजगीर-चांपा 24 जुलाई। बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में संभागायुक्त श्री जैन ने अधिकारियों को शासन की योजनाओं की क्रियान्वयन एवं जनहित के कार्यों में पूर्ण संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर जन्मेजय महोबे, डीएफओ हिमांशु डोंगरे, जिला पंचायत सीईओ  विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर के तंबोली, अपर कलेक्टर  स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

बैठक में संभागायुक्त श्री जैन ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की समीक्षा करते हुए प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने धीमी प्रगति वाले विभागों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अनावश्यक रूप से प्रकरण लंबित नहीं रखने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्यालयीन कार्यों को ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से संचालित करने तथा राजस्व न्यायालय के सभी प्रकरणों को ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऑटो डायवर्सन, अविवादित नामांतरण, भू-अर्जन, मुआवजा सहित विभिन्न लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एग्रीस्टैक एवं फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष पात्र किसानों का पंजीयन शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए जिले में कुपोषण की स्थिति की जानकारी ली तथा कुपोषण स्तर में कमी लाने के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल उपलब्ध कराने तथा जिन केंद्रों में पानी की टंकी नहीं है, उनके प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए शिक्षकों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा ई-अटेंडेंस का शत-प्रतिशत उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपार आईडी, पीएम श्री स्कूल एवं बाल वाटिका के प्रभावी संचालन, कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा की बेहतर तैयारी तथा परीक्षा परिणामों के आधार पर विद्यालयों का श्रेणीवार विश्लेषण कर कमजोर प्रदर्शन वाले विद्यालयों पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए।
बैठक में संभागायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं विकसित भारत जी राम जी योजना की प्रगति की समीक्षा की तथा अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने तथा निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लखपति दीदी योजना के तहत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को अधिकाधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा करते हुए जल जीवन मिशन के शेष कार्यों में तेजी लाने तथा सभी पेयजल स्रोतों का नियमित क्लोरीनीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने आयुष्मान भारत कार्ड एवं वय वंदना कार्ड की प्रगति की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों के कार्ड बनाने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।संभागायुक्त ने नगरीय निकायों की समीक्षा करते हुए अमृत योजना, जल आवर्धन योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति बढ़ाने तथा लो-वोल्टेज प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए संभागायुक्त ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत शत-प्रतिशत पात्र किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने, खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा किसानों को फसल चक्र अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button