featuredछत्तीसगढ़

कलेक्टर ने की जनपद पंचायत कार्यालय गुरूर में राजस्व एवं कृषि विभाग के कार्यों की समीक्षा

एग्रीस्टैक पोर्टल में किसानों का शत प्रतिशत पंजीयन कराने तथा खाद, बीज की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित कराने के दिए निर्देश


बालोद, 26 जुलाई 2026।कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने शुक्रवार को जनपद पंचायत कार्यालय गुरूर के सभाकक्ष में राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए एग्रीस्टैक पोर्टल में किसान पंजीयन के कार्य को अत्यंत आवश्यक बताते हुए राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्धारित समयावधि तक जिले के शत प्रतिशत कृषकों के प्रत्येक खातों का अनिवार्य रूप से पंजीयन कराने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने मौजूदा खरीफ सीजन के मद्देनजर जिले में खाद, बीज की समुचित भण्डारण एवं वितरण के कार्यों की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा किसानों के लिए जिले में समुचित मात्रा में खाद एवं बीज का भण्डारण किया गया है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी कृषकों को पर्याप्त मात्रा में खाद, बीज की उपब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में संयुक्त कलेक्टर  मधुहर्ष, एसडीएम आरके सोनकर, तहसीलदार हेमंत पैकरा, नायब तहसीलदार रमेश मण्डावी के अलावा कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, राजस्व निरीक्षक तथा पटवारीगण उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने गुरूर विकासखण्ड में एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन कराने हेतु शेष रह गए किसानों तथा खाताधारकों के संख्या के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन कराने हेतु शेष रह गए सभी कृषकों का शीघ्र पंजीयन कराने के निर्देश दिए। श्रीमती मिश्रा ने कहा कि शासन के मंशानुरूप किसानों को शासकीय योजना का समुचित लाभ प्राप्त करने के लिए एग्रीस्टैक पोर्टल में अपने प्रत्येक खातों का अनिवार्य रूप से पंजीयन कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इसके अभाव में किसानों को केन्द्र व राज्य सरकार के द्वारा संचालित किसान हितैषी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई होगी। इसे ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को जिले के शत प्रतिशत कृषकों के प्रत्येक खातों का एग्रीस्टैक पोर्टल में अनिवार्य रूप से पंजीयन कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को किसानों को एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन के संबंध में जानकारी प्रदान करने हेतु कोटवारों के माध्यम से मुनादी तथा शिविर आदि के माध्यम से इसका समुचित प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को सहकारी समितियों में सतत संपर्क स्थापित कर किसानों को इसके संबंध में जानकारी भी प्रदान करने के निर्देश दिए।
बैठक में श्रीमती मिश्रा ने राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए गुरूर विकासखण्ड में नक्शा बटांकन एवं स्वामित्व योजना के बेहतर कार्यों की सराहना भी की। इसके लिए उन्होंने सभी अधिकारी- कर्मचारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अभिलेख दुरस्तीकरण तथा एसडीएम तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार के कोर्ट में प्रकरणों के निराकरण के स्थिति के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समायवधि में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने कृषि विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए गुरूर ब्लाक में धान के रोपाई आदि के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने गन्ना फसल के क्षेत्राच्छान के संबंध में जानकारी लेते हुए इनके रकबा में बढ़ोतरी होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। जिले में खाद, बीज की समुचित उपलब्धता के संबंध में उन्होंने कहा कि हमारे पास पर्याप्त मात्रा में नैनो युरिया एवं नैनो डीएपी का भण्डारण किया गया है। उन्होंने किसानों को अन्य खाद के साथ नैनो युरिया एवं नैनो डीएपी की उपलब्धता भी सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने अधिकारी-कर्मर्चारियों से बालोद जिले में 30 जुलाई को आयोजित वृहद वृक्षारोपण के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होेंने कहा कि इस दौरान महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान का भी आयोजन किया गया है। इस मौके पर महतारी वंदन योजना से लाभान्वित हितग्राहियों के अलावा पौधरोपण करने इच्छुक अन्य महिलाओं के द्वारा भी अधिक से अधिक संख्या में पौधरोपण कर पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन के इस पुनीत कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन करते हुए जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button