featuredछत्तीसगढ़

कमिश्नर डोमन सिंह ने तोकापाल एसडीएम कार्यालय का किया निरीक्षण, रेडी-टू-ईट फूड उत्पादन इकाई कोड़ेनार का लिया जायजा

तहसील के रिकॉर्ड रूम को निर्वाचन के स्ट्रांग रूम की तर्ज पर विकसित करने के दिए निर्देश

सेजेस मावलीभाटा में विद्यार्थियों को पढ़ाया साझेदारी का पाठ, अधिकारियों ने भी निभाई अतिथि शिक्षक की भूमिका

जगदलपुर, 07 अगस्त 2026/ कमिश्नर बस्तर संभाग  डोमन सिंह ने गुरुवार को बस्तर जिले के अंतर्गत तोकापाल एसडीएम कार्यालय और तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने इन दोनों कार्यालयों में राजस्व प्रकरणों के निराकरण स्थिति की जानकारी ली तथा अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण एवं कार्यालयीन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर श्री सिंह ने तोकापाल तहसील के रिकॉर्ड रूम का भी अवलोकन किया। उन्होंने रिकॉर्ड रूम को निर्वाचन के दौरान उपयोग में लाए जाने वाले स्ट्रांग रूम की तर्ज पर सुरक्षित एवं व्यवस्थित विकसित करने के निर्देश दिए। रिकार्ड रूम में अग्निशमन यंत्र स्थापित करने सहित सुरक्षा के मद्देनजर विद्युत कटआउट बाहर लगाने कहा। वहीं नियमित तौर पर दवाई का छिड़काव करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण अभिलेखों का सुरक्षित संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा रिकॉर्ड रूम में सुरक्षा, साफ-सफाई और अभिलेखों के वैज्ञानिक रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए।

इसके पश्चात कमिश्नर डोमन सिंह ने कोड़ेनार स्थित रेडी-टू-ईट फूड उत्पादन इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण, स्वच्छता व्यवस्था एवं तैयार किए जा रहे पोषण आहार का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा करते हुए गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा उत्पादन क्षमता में निरंतर वृद्धि के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए। यहाँ पर उन्होंने स्व सहायता समूहों की सदस्य महिलाओं से चर्चा करते हुए इन महिलाओं को सुरक्षा एवं सावधानी बरतने की समझाईश दी । वहीं कार्य के दौरान सुरक्षित परिधान, दस्ताने का उपयोग करवाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके साथ ही उक्त रेडी टू ईंट फ़ूड उत्पादन यूनिट में नियमित रूप से सम्बंधित समिति से सेफ्टी आडिट करवाने के निर्देश दिए।

अपने भ्रमण के दौरान कमिश्नर श्री सिंह सेजेस मावलीभाटा भी पहुंचे। यहां उन्होंने कक्षा 12वीं वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों को ‘साझेदारी’ का पाठ पढ़ाया। उन्होंने विद्यार्थियों को विषय की अवधारणाओं को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाते हुए व्यावसायिक जीवन में साझेदारी के महत्व पर प्रकाश डाला तथा उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। साथ ही शिक्षकों को बच्चों की बेहतर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने कहा।

इस अवसर पर एसडीएम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी विद्यालय में अतिथि शिक्षक के रूप में विभिन्न कक्षाओं में अध्यापन किया। कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों का शिक्षा से जुड़ाव विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाता है और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने अधिकारियों से अपने रुचि के अनुरूप स्कूल का चयन कर संबंधित विद्यालय में पहुंचकर विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। कमिश्नर ने भ्रमण के दौरान मावलीभाटा पटेलपारा के आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण कर लक्षित बच्चों एवं माताओं को समेकित बाल विकास सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस मौके पर एसडीएम श्री शंकरलाल सिन्हा सहित सीईओ जनपद पंचायत नीलू तिर्की और शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button