featuredछत्तीसगढ़

नारायणपुर से बीजापुर के करेगुटालू तक नियत तिरंगा यात्रा पहुंची हलामी मुंजमेटा, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ के तहत किया पौधारोपण, शहादत की स्मृति को संजोने का लिया संकल्प

जगदलपुर, 12 अगस्त 2026/ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति, शांति और विकास का संदेश लेकर नारायणपुर से बीजापुर के करेगुटालू तक निर्धारित  ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ आज नारायणपुर से हलामी मुंजमेटा पहुंची। रैली के साथ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री तथा स्थानीय विधायक केदार कश्यप ने सभी के साथ भारत माता की जयकारे लगते हुए आगे बढ़े।

हलामी मुंजमेटा पहुंचने पर तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर हलामी मुंजमेटा में नक्सली हमले में शहीद हुए स्व. बलिराम पोटाई, स्व. संतोष श्रीमाली,  स्व. सोमारू राम वट्टी, स्व. अब्दुल वाहिद खान की श्रद्धांजलि दी गयी।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान शहीद जवान की शहादत को याद करते हुए उनके बलिदान को नमन किया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि देश की सुरक्षा और शांति के लिए जवानों ने जिस साहस और समर्पण के साथ अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

शहीदों की स्मृति में लगाए पौधे

इस दौरान ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। शहीदों की स्मृति में वट वृक्ष, आमला, आम, काजू के पौधे लगाए गए एवं उनके बलिदान और देश के प्रति समर्पण की जीवंत स्मृति के रूप में संजोने का संकल्प लिया गया। यह पहल शहीदों की वीरगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रभक्ति को एक साथ जोड़ने का संदेश देती है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने नक्सलवाद के खात्मे के लिए शुभकामनाएं दी और कहा कि गांव में कोई मेहमान आएंगे तो कोई रोक टोक नहीं होगी, अब मेला मड़ई रोकने वाला कोई नहीं, अब आपको परेशान करने वाला कोई नहीं, अब आपके घरों को लूटने वाला कोई नहीं है। बाबा साहेब के लिखे भारत के संविधान में इतनी ताकत है कि सभी को आगे लेकर जाए। अब संविधान को लागू होने से रोकने वाला कोई नहीं है। स्वतंत्रता दिवस पर खुशी मनाने के लिए सिर्फ बाइक रैली में ही शामिल होना जरूरी नहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशानुरूप हर घर में तिरंगा लगाया जाना है, क्योंकि अब किसी को घर में तिरंगा लगाने से रोकने वाला कोई नहीं है।

सभी ने अमर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उनकी याद में नारे लगाए और शहीदों की शहादत की याद में गांव के सरपंच ने गांव की पवित्र मिट्टी प्रदान किया। जिसे शहीद संग्रहालय में रखा जायेगा।

रैली में लघु वनोपज संघ अध्यक्ष रूपसाय सलाम और अन्य जनप्रतिनिधि, कमिश्नर  डोमन सिंह, आईजी बद्री नारायण मीणा, कलेक्टर सुश्री नम्रता जैन, एसपी संदीप कुमार पटेल सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button