featuredछत्तीसगढ़

इंद्रावती नदी में बाढ़ आपदा राहत पर हुआ मॉक ड्रिल, जवानों ने संवेदनशीलता के साथ किया साहस का प्रदर्शन

जगदलपुर, 20 अगस्त 2026/ संभावित बाढ़ एवं जलभराव जैसी गंभीर प्राकृतिक आपदाओं से निपटने तथा त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की जमीनी तैयारियों को परखने के उद्देश्य से जगदलपुर में इंद्रावती नदी के पुराने पुल पर एक वृहद एवं सुनियोजित बाढ़ आपदा राहत मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में संपन्न हुए इस संयुक्त अभ्यास में प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमों ने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए अपनी कार्यकुशलता और तत्परता का प्रदर्शन किया।

इस मॉक ड्रिल के दौरान राहत एवं बचाव दल के जांबाज जवानों ने इंद्रावती नदी के तेज बहाव में उतरकर वास्तविक रेस्क्यू ऑपरेशन का जीवंत दृश्य प्रस्तुत किया। जवानों ने मोटर बोट, लाइफ जैकेट, रेस्क्यू रोप्स और फ्लोटिंग डिवाइसेज जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का सटीक इस्तेमाल करते हुए पानी के बीच फंसे नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला। नदी से सुरक्षित निकाले गए लोगों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा उन्हें अविलंब सुरक्षित आश्रय स्थलों व चिकित्सा केंद्रों तक पहुँचाने की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास बेहद योजनाबद्ध तरीके से पूरा किया गया। इस महत्वपूर्ण अभ्यास का सघन निरीक्षण करने के लिए जिले के प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान अपर कलेक्टर  सीपी बघेल, नगर पालिक निगम आयुक्त  प्रवीण वर्मा, डिप्टी कलेक्टर सुश्री हीरा गवर्ना, डिप्टी कलेक्टर सत्येन्द्र बंजारे तथा नगर सेना के जिला सेनानी संतोष मार्बल ने पूरे अभ्यास की निगरानी की। इसके साथ ही पुलिस, राजस्व, नगर सेना, लोक निर्माण तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी मुस्तैदी से तैनात रहे। अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के मध्य तालमेल, सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और आपातकालीन रिस्पांस टाइम का बारीकी से मूल्यांकन किया।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सहित राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभ्यास का प्राथमिक उद्देश्य आगामी मानसून या किसी भी संभावित जलभराव की स्थिति में ‘जीरो कैजुअल्टी’ (शून्य जनहानि) के लक्ष्य को सुनिश्चित करना था। इस सफल मॉक ड्रिल के माध्यम से न केवल प्रशासनिक तैयारी एवं सुदृढ़ प्रबंधन का परीक्षण हुआ, बल्कि आम नागरिकों को भी यह संदेश दिया गया कि प्रशासन हर विषम परिस्थिति में उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button