featuredछत्तीसगढ़

IPL सट्टे के फरार मुख्य खाईवाल सानू बेरीवाल समेत तीन गिरफ्तार, 4 मोबाइल जब्त

ऑपरेशन क्लीन हंट में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, यूपीआई के जरिए होता था सट्टे की रकम का लेन-देन

रायगढ़, 21 अगस्त 2026। आईपीएल 2026 के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने के मामले में करीब चार माह से फरार चल रहे मुख्य खाईवाल सानू बेरीवाल को रायगढ़ पुलिस ने उसके दो साथियों समेत गिरफ्तार कर लिया है। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत चक्रधरनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में सानू बेरीवाल (32), निवासी पंचवटी कॉलोनी, थाना चक्रधरनगर, मोहित संथालिया (19), निवासी मोवा, रायपुर और विजय कुमार देवांगन (43), निवासी चक्रधरनगर, रायगढ़ शामिल हैं।

पहले पकड़े गए सटोरियों से खुला था सानू का नाम

मामला आईपीएल 2026 के दौरान चलाए गए ‘ऑपरेशन अंकुश’ से जुड़ा है। 9 अप्रैल 2026 को साइबर थाना और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने बोईरदादर शालिनी स्कूल रोड स्थित गुरुकृपा प्रोविजन स्टोर में दबिश देकर पंकज जयसिंह और जयदेव मित्रा को KKR और LSG के बीच खेले जा रहे आईपीएल मैच पर मोबाइल के जरिए सट्टा लगवाते पकड़ा था।

पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया था कि वे मुख्य खाईवाल सानू बेरीवाल के लिए क्रिकेट सट्टे का काम करते थे और सट्टे की रकम का लेन-देन यूपीआई के माध्यम से किया जाता था।

इसके बाद 10 अप्रैल को पुलिस ने पंचवटी नगर बोईरदादर निवासी कशिश बलानी को CSK और DC के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते पकड़ा। पूछताछ में उसने भी करीब एक वर्ष से सानू बेरीवाल के लिए सट्टे का काम करने और यूपीआई के जरिए रकम के लेन-देन की जानकारी दी थी।

इन दोनों मामलों में थाना चक्रधरनगर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध क्रमांक 157/2026 और 158/2026 दर्ज किए गए थे।

चार मोबाइल फोन बरामद

मामले में सानू बेरीवाल सहित मोहित संथालिया और विजय कुमार देवांगन की भूमिका सामने आने के बाद तीनों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस उनकी लगातार तलाश कर रही थी। 21 अगस्त को तीनों के उपस्थित मिलने पर उन्हें थाना लाकर पूछताछ की गई, जहां आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने सानू बेरीवाल के कब्जे से 2 मोटोरोला मोबाइल, मोहित संथालिया से 1 सैमसंग मोबाइल और विजय कुमार देवांगन से 1 सैमसंग मोबाइल, कुल 4 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

पुलिस ने दिया सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सट्टा-जुआ और ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क से जुड़े आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत फरार आरोपियों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी की जा रही है और अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

इस कार्रवाई में एएसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा, साइबर डीएसपी रोहन शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना चक्रधरनगर प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, थाना प्रभारी साइबर विजय चेलक, उप निरीक्षक गेंद लाल साहू, एएसआई आशीष रात्रे सहित साइबर सेल और चक्रधरनगर थाना पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button