featuredछत्तीसगढ़

आईजी राम गोपाल गर्ग का सक्ती प्रवास, पुलिस कार्यालय और थाना डभरा का किया निरीक्षण

नवनिर्मित आगंतुक कक्ष व वाहन शेड का उद्घाटन, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश

सक्ती, 21 अगस्त 2026। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग  ने शुक्रवार को सक्ती जिले का प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय सक्ती तथा अपने गोद लिए हुए थाना डभरा का निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था, लंबित प्रकरणों और अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की।

प्रवास की शुरुआत पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण से हुई। आईजी श्री गर्ग ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण किया। इसके बाद आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में नवनिर्मित आगंतुक कक्ष एवं वाहन शेड का उद्घाटन किया। उन्होंने कार्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

थाना डभरा का आकस्मिक निरीक्षण

इसके बाद पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने अपने गोद लिए हुए थाना डभरा का आकस्मिक निरीक्षण किया। थाना परिसर में भी वृक्षारोपण करने के बाद उन्होंने नवनिर्मित थाना भवन का निरीक्षण किया और भवन में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शीघ्र नवनिर्मित थाना भवन में शिफ्ट होने के निर्देश दिए। साथ ही पुराने थाना भवन के रख-रखाव एवं थाना परिसर की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।

गुंडा और निगरानी बदमाशों पर रहेगी पैनी नजर

आईजी ने थाना डभरा के सभी अधिकारी- कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने थाना क्षेत्र के गुंडा बदमाश, निगरानी बदमाश, माफी बदमाश एवं सजायाफ्ता व्यक्तियों की जानकारी ली और उनकी वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा की।

उन्होंने ऐसे व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखने तथा अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही एक निगरानी/गुंडा बदमाश की जिम्मेदारी एक विवेचक को सौंपकर उसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लंबित मामलों को एक माह में निपटाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान पुराने एवं लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। आईजी श्री गर्ग ने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर आगामी एक माह के भीतर शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से निराकृत करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

उन्होंने समंस एवं वारंट की प्रभावी तामीली, अदम तामीली की तस्दीक, ई-समंस का शत-प्रतिशत उपयोग तथा गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की नियमित चेकिंग सुनिश्चित करने कहा। इसके साथ ही पुलिसिंग को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए ‘सशक्त’ एप का अधिक से अधिक उपयोग करने के निर्देश दिए।

आईजी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निराकरण और आम जनता को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए गंभीरता एवं तत्परता से कार्य करने की हिदायत दी।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  पंकज पटेल, एसडीओपी सक्ती भुवनेश्वरी पैकरा, एसडीओपी चंद्रपुर सुमित गुप्ता एवं थाना प्रभारी डभरा राजेश पटेल सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button