कोरबा, 1 अक्टूबर 2026। हसदेव ताप विद्युत संयंत्र (एचटीपीएस), कोरबा पश्चिम से सितंबर माह में सेवानिवृत्त हुए चार अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पॉवर कंपनी परिवार की ओर से भावपूर्ण विदाई दी गई। इनमें मुख्य अभियंता (उत्पादन) प्रदीप कुमार जोशी, अधीक्षण अभियंता सत्येंद्र कुमार साहू, कनिष्ठ पर्यवेक्षक विनीत कुमार निर्मलकर और संतलाल कंवर शामिल हैं।
रविंद्र सांस्कृतिक भवन (सीनियर क्लब) में आयोजित दीर्घ सेवा सम्मान समारोह में कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त मुख्य अभियंता एम.के. गुप्ता ने की। उन्होंने सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों के दीर्घ सेवाकाल और योगदान की सराहना करते हुए पॉवर कंपनी परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता एम.के. गुप्ता ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृतिचिह्न एवं सेवा प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उल्लेखनीय है कि अधीक्षण अभियंता (सिविल) सत्येंद्र कुमार साहू ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली है।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में अतिरिक्त मुख्य अभियंता आर.के. पांडे, ए.के. शाह, केएनबी. राव, एस.के. नायर, एस.सी. पाठक, परियोजना प्रबंधक एस.के. पंड्या एवं वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ ए.के. कुरनाल उपस्थित रहे। अतिथियों ने सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घ जीवन की शुभकामनाएं दीं।
31 से 40 वर्षों तक दी कंपनी को सेवाएं
समारोह में सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने 31 से 40 वर्षों के सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने पॉवर कंपनी में बिताए कार्यकाल की यादों को साझा करते हुए सहकर्मियों के सहयोग के लिए आभार जताया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कल्याण अधिकारी सुरेश सिंह कंवर ने किया। उन्होंने सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सेवाकाल और जीवन परिचय की जानकारी दी।
समारोह में बड़ी संख्या में एचटीपीएस के अधिकारी-कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में सहकर्मियों ने सेवानिवृत्त होने वाले साथियों के प्रति सम्मान और आत्मीयता व्यक्त की।

