कोरबा, 02अक्टूबर 2026। नगर निगम सभागार में कोरबा पुलिस के नेतृत्व में गुरुवार को साइबर चौपाल एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करने के साथ सामाजिक सेवा की भावना को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने स्वयं रक्तदान कर पुलिस अधिकारी- कर्मचारियों और आम नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं सहित आम नागरिकों से आगे बढ़कर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने भी रक्तदान किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के स्वयं रक्तदान करने से शिविर में मौजूद पुलिसकर्मियों और नागरिकों में उत्साह देखने को मिला।
साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय
साइबर चौपाल में नागरिकों को ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस ने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, OTP और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने, संदिग्ध मोबाइल एप डाउनलोड नहीं करने तथा फर्जी कॉल और डिजिटल अरेस्ट जैसी ठगी से सतर्क रहने की अपील की।
पुलिस ने बताया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर पीड़ित को बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए। इसके साथ ही नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
कार्यक्रम के माध्यम से कोरबा पुलिस ने नागरिकों को संदेश दिया कि साइबर अपराध से बचाव में जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है। वहीं रक्तदान शिविर के जरिए पुलिस ने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के साथ सामाजिक सरोकार एवं मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी प्रदर्शित की।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।





