कोरबा में निर्माणाधीन मकान से लाखों का सामान चोरी, चोरी का माल खरीदने वाले भी नहीं बचे

कोरबा, 08 अक्टूबर 2026। निर्माणाधीन मकान को निशाना बनाकर बिजली और प्लंबिंग सामग्री चोरी करने वाले गिरोह का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में चोरी करने और चोरी का सामान खरीदने वाले कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर करीब 3 लाख रुपए कीमत का चोरी का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी गुलशन वासन के निर्माणाधीन मकान से 2 अक्टूबर से 6 अक्टूबर 2026 के बीच इलेक्ट्रॉनिक एवं प्लंबिंग सामग्री चोरी कर ली गई थी। शिकायत मिलने के बाद थाना कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्य से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया गया।
बरामद सामान में बिजली वायर, स्विच बोर्ड, लाइट, ट्रैक लाइट, स्ट्रीट लाइट, प्लंबिंग सामग्री सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान शामिल हैं। पुलिस ने बरामद सामग्री की कीमत लगभग 3 लाख रुपए बताई है।
6 आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने रहीम खान (21), रईस खान (21), साहिम खान (19) निवासी पुरानी बस्ती कोरबा तथा मुकेश अग्रवाल (42), दीनदयाल अग्रवाल (59) निवासी अग्रसेन चौक और नीरज अग्रवाल (47) निवासी अग्रोहा मार्ग कोरबा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मामले में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 823/26 के तहत धारा 137/26, 331(4), 305(ए), 317(2), 3(5) बीएनएस में कार्रवाई की गई। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो पुलिस को दें सूचना
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा चोरी से संबंधित जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 पर सूचना दें। पुलिस ने कहा कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





