दर्री के लाल मैदान में भव्य दशहरा आयोजन की तैयारी पूरी, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन होंगे मुख्य अतिथि; शाम 7 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम

कोरबा, 19 अक्टूबर 2026। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयादशमी पर्व कोरबा में इस बार भव्य और आकर्षक अंदाज में मनाया जाएगा। दर्री स्थित लाल मैदान में 20 अक्टूबर को जिले के प्रसिद्ध दशहरा उत्सव के दौरान 120 फीट ऊंचे विशाल रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। रावण दहन के साथ होने वाली आसमानी आतिशबाजी और भव्य रोशनी इस आयोजन का मुख्य आकर्षण होगी।
नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस उत्सव में जिला प्रशासन और विद्युत कंपनी के उच्चाधिकारी भी शामिल होंगे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
दस सिरों वाला रावण दिखाएगा अपना रौद्र रूप
लाल मैदान का दशहरा उत्सव अपनी भव्यता और आकर्षक प्रस्तुतियों के लिए जाना जाता है। इस बार यहां स्थापित किया जाने वाला दस सिरों वाला विशाल रावण दर्शकों के लिए खास आकर्षण होगा। रावण की लाल-लाल आंखें, घूमते सिर और जोरदार अट्टहास उत्सव को और भी रोमांचक बनाएंगे। 120 फीट ऊंचे रावण के दहन का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
आसमानी आतिशबाजी से रोशन होगा लाल मैदान
दशहरा उत्सव समिति के कार्यकारी अध्यक्ष एसके गोठी के अनुसार, 20 अक्टूबर को शाम 7 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। रात 8 बजे से आसमानी आतिशबाजी की जाएगी, जो दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी। रंग-बिरंगी आतिशबाजी और पूरे मैदान में की गई रोशनी से उत्सव स्थल जगमगा उठेगा। मैदान और आसपास का क्षेत्र मेले जैसे माहौल से गुलजार रहेगा। आतिशबाजी के बाद विशाल रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
विद्युत कंपनी के अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम जुटी
हसदेव ताप विद्युत गृह, कोरबा पश्चिम के कार्यपालक निदेशक एवं दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक एचके सिंह के मार्गदर्शन में आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। विद्युत संयंत्र के अधिकारियों और कर्मचारियों की समिति उत्सव को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने में जुटी हुई है।
लाल मैदान का यह दशहरा उत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनेगा, बल्कि परिवारों और बच्चों के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। विशाल रावण दहन, आसमानी आतिशबाजी और उत्सवी माहौल के बीच कोरबा में विजयादशमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा।





