जिलेभर में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई तेज, शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी कड़ी वैधानिक कार्रवाई

कोरबा। आगामी दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। पुलिस अधीक्षक कोरबासिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में व्यापक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों और पूर्व में मारपीट सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे व्यक्तियों को थाना एवं चौकी बुलाकर सख्त समझाइश दी गई है।

पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों को स्पष्ट हिदायत दी है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद, हुड़दंग, मारपीट या अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल न हों तथा अपने आचरण में सुधार लाएं। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर

कोरबा पुलिस द्वारा ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधि के अनुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पाबंद भी किया गया है। पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और आम नागरिकों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना है।

कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी सख्ती

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि दशहरा पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने, सार्वजनिक स्थानों पर विवाद करने, हुड़दंग मचाने अथवा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे व्यक्तियों को विशेष रूप से सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।

पुलिस ने नागरिकों से की सहयोग की अपील

कोरबा पुलिस ने जिलेवासियों से दशहरा पर्व को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या असामाजिक तत्व की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना-चौकी अथवा डायल-112 पर देने का आग्रह किया है।
कोरबा पुलिस का संदेश है—सजग कोरबा, सतर्क कोरबा। त्योहार के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।





