प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन में तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता पर दिया जोर, पत्रकार भवन के लिए भूमि आवंटन और निर्माण में सहयोग का भरोसा

बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पत्रकार जनसमस्याओं की आवाज बनकर समाज को दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने तथा उनके समाधान का मार्ग प्रशस्त करने में पत्रकारों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने पत्रकारों से समाचारों के प्रकाशन और प्रसारण से पहले तथ्यों की पुष्टि करने तथा खबरों के सामाजिक प्रभाव को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदार पत्रकारिता करने का आह्वान किया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव शुक्रवार को बिलासपुर स्थित स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी और प्रदेश महासचिव विश्व दीपक राय सहित प्रदेशभर से आए पत्रकार उपस्थित रहे।
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी जरूरी
संविधान दिवस का उल्लेख करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता लोकतंत्र की महत्वपूर्ण ताकत है, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है। किसी व्यक्ति से संबंधित समाचार प्रकाशित करने से पहले पूरी पड़ताल आवश्यक है, क्योंकि अपुष्ट जानकारी से उसकी प्रतिष्ठा और सामाजिक छवि प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने पत्रकारिता को तपस्या बताते हुए कहा कि पत्रकार कठिन परिस्थितियों में भी जनहित के मुद्दों को सामने लाने का कार्य करते हैं। समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय पत्रकारिता करना समय की आवश्यकता है।
पत्रकार भवन के लिए भूमि और निर्माण में सहयोग का भरोसा
सम्मेलन में पत्रकार संघ की ओर से बिलासपुर और रायपुर में पत्रकार भवन के लिए भूमि आवंटन की मांग रखी गई। इस पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने संघ के पदाधिकारियों से दोनों शहरों में उपयुक्त भूमि चिह्नित कर खसरा नंबर एवं राजस्व अभिलेखों के साथ संबंधित कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत करने का आग्रह किया।
उन्होंने आश्वस्त किया कि भूमि आवंटन की प्रक्रिया में शासन की ओर से सहयोग किया जाएगा। भूमि आवंटित होने के बाद पत्रकार भवन के निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने में भी सकारात्मक पहल की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि बिलासपुर की पत्रकार कॉलोनी में सड़क और नाली निर्माण के लिए भूमिपूजन किया जा चुका है। इन विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
पत्रकार सुरक्षा कानून और बीमा योजना लागू करने की मांग
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि पत्रकारिता आम नागरिकों तक आवश्यक जानकारी पहुंचाने और जनसमस्याओं से प्रशासन को अवगत कराने का सशक्त माध्यम है। समस्याओं को तथ्यपरक तरीके से सामने रखने से जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के साथ संवाद स्थापित कर समाधान निकालने में मदद मिलती है।
वहीं, छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी ने पत्रकार सुरक्षा कानून और पत्रकार बीमा योजना लागू करने की मांग रखी। उन्होंने पत्रकार सम्मान निधि के नियमों को सरल बनाने तथा आर्थिक सहायता की राशि बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
सम्मेलन में संघ के कोषाध्यक्ष अनिल पवार, संयोजक राजेश मिश्रा, निर्मल सलूजा, रामाधार पटेल, मनोज मिश्रा, रवि शुक्ला, निर्मल शुक्ला, अरविंद शुक्ला और इरशाद अली सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पत्रकार मौजूद रहे। इसके अलावा मोहित जायसवाल, डॉ. तिलक राम साहू, चंद्र प्रकाश सूर्या और राजेश सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में संघ के कोषाध्यक्ष अनिल पवार ने आभार व्यक्त किया।







