कोरबा। बच्चों की सुरक्षा, बाल अधिकारों के संरक्षण और साइबर अपराधों से बचाव के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोरबा द्वारा “सुरक्षित बचपन अभियान” के द्वितीय चरण के अंतर्गत चिन्हित विद्यालयों के शिक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोरबा द्वारा शिक्षकों को बच्चों के अनुकूल विधिक सेवाएं एवं उनके संरक्षण के लिए संचालित चाइल्ड फ्रेंडली लीगल सर्विसेज फॉर चिल्ड्रन स्कीम की जानकारी दी गई। शिक्षकों को बच्चों के हितों एवं अधिकारों के संरक्षण, जरूरतमंद और पीड़ित बच्चों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने तथा बाल हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षकों को बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पॉक्सो एक्ट) के प्रावधानों की सामान्य जानकारी प्रदान की गई। उन्हें बच्चों के अधिकारों के प्रति संवेदनशील रहने और विद्यालयों में सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान साइबर सेल, कोरबा के थाना प्रभारी ललित चंद्रा ने साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी, बैंकिंग फ्रॉड, मोबाइल हैकिंग, फर्जी APK फाइल, डिजिटल अरेस्ट, यौन अपराध तथा सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि साइबर अपराध होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाते का विवरण, ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। मोबाइल पर प्राप्त अनजान लिंक और APK फाइल डाउनलोड करने से बचने तथा डिजिटल अरेस्ट जैसी धोखाधड़ी से सतर्क रहने की समझाइश दी गई।
इसके साथ ही मोबाइल गुम होने की स्थिति में CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल ब्लॉक कराने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को बाल संरक्षण एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित करना है, ताकि वे विद्यालयों में विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, पॉक्सो अधिनियम और साइबर सुरक्षा से संबंधित जानकारी प्रदान कर सकें तथा बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों को “हर बच्चे का बचपन हम सबकी जिम्मेदारी है” संदेश के साथ सुरक्षित बचपन अभियान के उद्देश्यों को विद्यालय स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।







