मोर बिजली एप की सुविधाओं से उपभोक्ताओं को मिल रही बिजली खपत नियंत्रित करने में मदद, एआईडीए महानिदेशक आलोक कुमार ने की सराहना

रायपुर, 26 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर स्थापना और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की प्रगति अब देशभर की विद्युत वितरण कंपनियों के लिए उदाहरण बन रही है। प्रदेश में स्मार्ट मीटर के माध्यम से बिजली खपत की निगरानी और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था का अध्ययन करने के लिए ऑल इंडिया डिस्कॉम्स एसोसिएशन (एआईडीए) का राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल रायपुर पहुंचा है।

एआईडीए के महानिदेशक आलोक कुमार ने छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर और ‘मोर बिजली एप’ के प्रभावी उपयोग की सराहना करते हुए कहा कि इन सुविधाओं के माध्यम से उपभोक्ता अपनी बिजली खपत पर नजर रखने के साथ उसे नियंत्रित भी कर सकते हैं। एप में उपलब्ध खपत पूर्वानुमान, ग्राफ आधारित विश्लेषण, रियल टाइम अपडेट और तुलनात्मक आंकड़े उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी साबित हो रहे हैं। उन्होंने इन सुविधाओं को अन्य राज्यों की विद्युत वितरण कंपनियों के लिए भी अनुकरणीय बताया।
वे छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा आयोजित नॉलेज शेयरिंग एवं फील्ड विजिट कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। इस दौरान दूसरे राज्यों की विद्युत वितरण कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ मोर बिजली एप और प्रकाश एप की कार्यप्रणाली एवं सुविधाओं की जानकारी साझा की गई।
प्रदेश में 80 प्रतिशत स्मार्ट मीटर स्थापित
राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल के दौरे के पहले दिन पावर कंपनियों के मुख्यालय डंगनिया स्थित सेवा भवन में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने प्रदेश में स्मार्ट मीटर स्थापना की प्रगति की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में लगभग 66 लाख बिजली उपभोक्ता और करीब 8 लाख कृषि पंप कनेक्शन हैं। प्रदेश को आठ रीजन में विभाजित कर स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य किया जा रहा है। अब तक लगभग 80 प्रतिशत स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ छत्तीसगढ़ देश में चौथे स्थान पर है। शेष स्मार्ट मीटर मार्च 2027 तक स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
रायपुर में घरेलू स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य 98 प्रतिशत पूरा हो चुका है। फीडर मीटरिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है, जबकि दो लाख डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर मीटर लगाने के लक्ष्य के मुकाबले 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
55.43 लाख घरेलू कनेक्शनों में से 44.22 लाख में स्मार्ट मीटर
कार्यपालक निदेशक (ओ एंड एम) संजय खंडेलवाल ने बताया कि नई तकनीक के स्मार्ट मीटर स्थापित करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य था। कंपनी ने उपभोक्ताओं के बीच इस तकनीक की स्वीकार्यता बढ़ाने और उनकी शंकाओं का समाधान करने पर विशेष ध्यान दिया।
प्रदेश के 55.43 लाख घरेलू बिजली कनेक्शनों में से 44.22 लाख में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा 90 प्रतिशत सरकारी कार्यालयों, 76 प्रतिशत वाणिज्यिक और 58 प्रतिशत औद्योगिक कनेक्शनों में भी स्मार्ट मीटर स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि बेहतर समन्वय, निगरानी और टीमवर्क के जरिए स्थापना कार्य में तेजी लाई गई। स्मार्ट मीटर को लेकर अन्य राज्यों में फैले भ्रम का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिला, लेकिन उपभोक्ताओं से लगातार संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान किया गया।
मोर बिजली एप में 36 सुविधाएं
प्रबंध निदेशक श्री कंवर ने बताया कि मोर बिजली एप में उपभोक्ताओं के लिए 36 सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके जरिए उपभोक्ता बिजली संबंधी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, शिकायत के निराकरण की स्थिति जान सकते हैं, बिल का भुगतान कर सकते हैं तथा पिछले दो वर्षों की बिजली खपत और भुगतान का विवरण देख सकते हैं।
कार्यपालक निदेशक (ईआईटीसी) ए.एम. परियल ने बताया कि एप का खपत पूर्वानुमान फीचर उपभोक्ताओं को आगामी बिजली बिल का अनुमान लगाने में मदद करता है। इससे वे अपनी बिजली खपत को बेहतर ढंग से प्रबंधित कर सकते हैं। उन्होंने प्रकाश एप को अधिकारियों, कर्मचारियों और फील्ड अमले के लिए उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में सहायक अभियंता मनोज बजाज ने मोर बिजली एप का प्रस्तुतिकरण दिया।
27 नवंबर को राजनांदगांव में होगा फील्ड विजिट
राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल को 27 नवंबर को राजनांदगांव स्थित बैटरी स्टोरेज सोलर पावर प्लांट का क्षेत्रीय भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान प्रतिनिधि स्मार्ट मीटर के क्रियान्वयन के साथ ऊर्जा क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के उपयोग का भी अनुभव प्राप्त करेंगे।
कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक वी.के. साय एवं एम. जामुलकर, मुख्य अभियंता संजीव सिंह एवं ए.के. लखेरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन उपमहाप्रबंधक (जनसंपर्क) गोविंद पटेल ने किया।
छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर स्थापना, उपभोक्ता सेवाओं के डिजिटलीकरण और तकनीकी नवाचारों की यह पहल प्रदेश की विद्युत वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और उपभोक्ता-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।







