अब 3 दिसंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन, डाटा एंट्री ऑपरेटर के 609 पदों के लिए करीब 81 हजार अभ्यर्थियों ने किया आवेदन

रायपुर, 26 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज में सरकारी नौकरी पाने के लिए युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। तीनों पावर कंपनियों में 1501 पदों पर होने वाली भर्ती के लिए अब तक डेढ़ लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक उम्मीदवार 3 दिसंबर 2026 की रात 11.55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज ने पहले आवेदन की अंतिम तिथि 26 नवंबर निर्धारित की थी। अब इसे बढ़ाकर 3 दिसंबर कर दिया गया है। अभ्यर्थी निर्धारित समय-सीमा तक ऑनलाइन आवेदन के साथ शुल्क भी जमा कर सकेंगे।
38 प्रकार के पदों पर होगी भर्ती
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी, स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी और स्टेट पावर जनरेशन कंपनी में कुल 1501 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। इसमें द्वितीय श्रेणी के 195 तथा तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1306 पद शामिल हैं। भर्ती के तहत 38 प्रकार के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
डाटा एंट्री ऑपरेटर के पदों पर सबसे ज्यादा आवेदन
भर्ती प्रक्रिया में डाटा एंट्री ऑपरेटर का पद युवाओं की पहली पसंद बनकर उभरा है। इस पद के लिए अब तक लगभग 81 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि तीनों पावर कंपनियों में डाटा एंट्री ऑपरेटर के कुल 609 पद रिक्त हैं।
इसके अलावा कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता सहित विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों के लिए भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
CBT परीक्षा से होगा चयन
सभी पदों के लिए चयन प्रक्रिया के तहत कम्प्यूटर बेस्ड मल्टीपल चॉइस टेस्ट (CBT) आयोजित किया जाएगा। परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी।
डाटा एंट्री ऑपरेटर पद के लिए मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों को टाइपिंग टेस्ट देना होगा। वहीं, स्टेनोग्राफर ग्रेड-III के पदों के लिए निर्धारित दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सूचना
पावर कंपनी प्रबंधन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। आवेदन से पहले शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, शुल्क और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों का विस्तृत अध्ययन करना अनिवार्य है।
भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन और ऑनलाइन आवेदन की जानकारी छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट https://cspc.co.in\ पर उपलब्ध है।







