कोतवाली पुलिस की दबिश में पकड़ा गया आरोपी इसाक कुरैशी, लाखों रुपये के ऑनलाइन यूपीआई लेन-देन की जानकारी भी मिली
कोरबा। जिले में अवैध सट्टा-जुआ के खिलाफ कोरबा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खेलने और खिलाने के आरोप में आदतन सटोरिया मोह. इसाक कुरैशी उर्फ निक्की को गिरफ्तार किया है। आरोपी के मोबाइल की जांच में ऑनलाइन सट्टा साइटों की जानकारी और विभिन्न अंकों की सट्टा-पट्टी के फोटो मिले हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा-पट्टी, मोबाइल फोन और नगद रकम भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को कोतवाली पुलिस पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पुरानी बस्ती रानी रोड स्थित मस्जिद के पीछे मोह. इसाक कुरैशी मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेल रहा है और सट्टा-पट्टी भी लिख रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने हमराह स्टाफ एवं गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी और आरोपी को सट्टा खेलते हुए पकड़ा।
आरोपी के मोबाइल की जांच करने पर श्रीदेवी, टाइम बाजार, मिलन डे एवं कल्याण नामक ऑनलाइन साइटों के माध्यम से सट्टा खेलने संबंधी जानकारी मिली। मोबाइल में विभिन्न अंकों एवं जोड़ियों की सट्टा-पट्टी के फोटो भी पाए गए। पुलिस ने सट्टा खेलने के लिए रखी नगद रकम सहित संबंधित सामग्री जब्त की।
जांच के दौरान आरोपी के फोन-पे नंबर से सट्टा खेलने के लिए लाखों रुपये के ऑनलाइन यूपीआई लेन-देन की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 968/2026, धारा 6(क) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
मोह. इसाक कुरैशी उर्फ निक्की, पिता स्वर्गीय ईस्माइल कुरैशी, उम्र 43 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 06, पुरानी रानी रोड, दुर्गा मंदिर के पास, थाना कोतवाली, जिला कोरबा।
कोरबा पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सट्टा-जुआ जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें। आसपास इस प्रकार की गतिविधियां संचालित होने की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना-चौकी या डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।







