featuredछत्तीसगढ़

वाहन और जमीन के नाम पर 1.10 करोड़ से ज्यादा की ठगी का खुलासा, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

तमनार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्कॉर्पियो और बोलेरो जब्त; कई और पीड़ित सामने आए

https://youtu.be/ruR7xjlFVFM?si=6tVDz-2ZhHOcCYqi

रायगढ़, 24 जुलाई। जिले के तमनार पुलिस ने वाहन खरीदी-बिक्री और जमीन दलाली की आड़ में करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी कृष्ण कुमार साहू (38) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में अब तक 1 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की ठगी सामने आई है, जबकि कई अन्य पीड़ित भी शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंच रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले लोगों से वाहन खरीदने-बेचने के नाम पर निवेश कराया और बाद में रकम लौटाने के बजाय जमीन बेचने का झांसा देकर उनसे और पैसे ऐंठ लिए। शिकायतकर्ता सद्दाम हुसैन और सुरेश मानिकपुरी से आरोपी ने कुल 44.40 लाख रुपये नकद और बैंक ट्रांसफर के माध्यम से लिए। इसके बाद जिस जमीन का सौदा किया, उसकी रजिस्ट्री किसी अन्य महिला के नाम कर दी।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने पुरुषोत्तम सिदार, दिनेश शर्मा, संतोष साहू, मनोज सारथी सहित कई अन्य लोगों से भी वाहन कारोबार के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की है।

थाना तमनार में दर्ज अपराध क्रमांक 179/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर ठगी की रकम से खरीदी गई एक स्कॉर्पियो और एक बोलेरो, जिनकी कीमत करीब 20 लाख रुपये है, जब्त की गई।

पुलिस का कहना है कि अब तक 10 से 15 पीड़ितों से 1.10 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की पुष्टि हो चुकी है। आरोपी के आर्थिक लेन-देन, संपत्तियों और अन्य संभावित पीड़ितों की जांच जारी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि आर्थिक अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ठगी से अर्जित अवैध संपत्तियों का भी हिसाब लिया जाएगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशांत राव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक युगल यादव, सहायक उप निरीक्षक सुरति लाल सिदार तथा थाना तमनार की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button