
कोरबा। महिलाओं और किशोरियों को गंभीर बीमारी Human papilloma virus (एचपीवी) संक्रमण से बचाने और Cervical Cancer (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) की रोकथाम के उद्देश्य से कोरबा जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान 17 मार्च 2026 से जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी के नेतृत्व में यह अभियान जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में संचालित हो रहा है। इसके अंतर्गत स्वं. बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रानी धनराज कुंवर देवी शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा, पाली, करतला और पोंड़ी उपरोड़ा में किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन दी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह वैक्सीन खासतौर पर सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बेहद प्रभावी मानी जाती है, जो महिलाओं में कैंसर से होने वाली मौतों का एक प्रमुख कारण है। डॉ. केशरी ने बताया कि 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकीं और 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियां इस टीकाकरण के लिए पात्र हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसके कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं पाए गए हैं। समय पर टीकाकरण से भविष्य में कैंसर का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है। यह टीका राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के तहत निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
टीकाकरण के बाद लाभार्थियों का पंजीयन U-WIN पोर्टल पर किया जा रहा है और उन्हें डिजिटल प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों का समय पर टीकाकरण कराकर उनके सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य को सुनिश्चित करें।



