featuredछत्तीसगढ़

जोगीडीपा से पुनर्वासित परिवारों के लिए सूर्या विहार में विशेष शिविर का हुआ आयोजन

शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए परिवार, बच्चों के स्कूल प्रवेश से लेकर राशन कार्ड, स्वास्थ्य एवं श्रमिक पंजीयन की हुई व्यवस्था


रायगढ़, 10 जून 2026 जोगीडीपा क्षेत्र से सूर्या विहार प्रधानमंत्री आवास योजना (AHP) कॉलोनी, कौहाकुंडा में पुनर्वासित किए गए परिवारों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने हेतु बुधवार सुबह विशेष शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर  मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने समन्वित रूप से कार्य करते हुए पुनर्वासित परिवारों की समस्याओं का निराकरण किया तथा उन्हें आवश्यक सुविधाओं एवं योजनाओं से जोड़ा।
नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय के पूर्व में जारी निर्देशों के अनुरूप शिविर का आयोजन सुबह 7 बजे से किया गया, ताकि श्रमिक वर्ग से जुड़े हितग्राहियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। शिविर में पुनर्वासित लगभग 40 परिवारों का सर्वे कर उन्हें पात्रतानुसार विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने की प्रक्रिया पूर्ण की गई।
शिविर के दौरान लोक सेवा केंद्र के माध्यम से दो बच्चों के आधार कार्ड बनाए गए तथा चार अन्य हितग्राहियों के पेन कार्ड सहित अन्य आवेदनों की प्रक्रिया पूरी की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 09 बच्चों का आंगनबाड़ी केंद्र में प्रवेश कराया गया तथा मातृ एवं शिशु पोषण, जच्चा-बच्चा सुरक्षा सहित विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 18 बच्चों के विद्यालय प्रवेश की कार्यवाही की गई, जिससे पुनर्वासित परिवारों के बच्चों की शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रह सके। वहीं विद्युत विभाग ने आवासों में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।
खाद्य विभाग द्वारा 21 परिवारों के राशन कार्ड जोगीडीपा से स्थानांतरित कर सूर्या विहार क्षेत्र में दर्ज किए गए, जबकि दो पात्र परिवारों के नए राशन कार्ड बनाए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 23 हितग्राहियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा दो बच्चों का टीकाकरण भी किया गया।
इसी प्रकार श्रम विभाग ने 15 पात्र हितग्राहियों के नए श्रमिक कार्ड हेतु आवेदन प्राप्त किए तथा चार पूर्व पंजीकृत श्रमिकों के कार्डों का नवीनीकरण कराया, जिससे वे श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल पुनर्वासित परिवारों को आवास उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें सभी मूलभूत सुविधाओं और शासन की योजनाओं से जोड़कर सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि पुनर्वासित परिवारों के बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन, विद्युत सुविधा एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से लगातार विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। आगे भी आवश्यकता अनुसार ऐसे शिविरों का आयोजन कर प्रत्येक पात्र हितग्राही तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।
झूलों की मस्ती से खिले बच्चों के चेहरे
सूर्या विहार प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी में पुनर्वासित परिवारों के बच्चों के लिए झूला, स्लाइड सहित विभिन्न खेल एवं मनोरंजन सुविधाओं का निर्माण कराया गया है। नए आवासीय परिसर में बच्चों को सुरक्षित और आनंददायक वातावरण मिलने से उनमें विशेष उत्साह देखा जा रहा है। कॉलोनी के खेल स्थलों पर बच्चे झूलों का आनंद लेते हुए खुशी से झूमते नजर आए। अभिभावकों ने भी बच्चों के लिए विकसित की गई इन सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि पहले ऐसी व्यवस्थित व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी, जबकि अब बच्चों को खेलने और मानसिक विकास के लिए बेहतर माहौल मिल रहा है। नगर निगम द्वारा आवास के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखकर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button