featuredछत्तीसगढ़

भूपदेवपुर थाना बना विद्यार्थियों की सीख का केंद्र, छात्र-छात्राओं ने करीब से जानी पुलिस की कार्यप्रणाली

रायगढ़, 07 अगस्त 2026। पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने और विद्यार्थियों के मन से पुलिस के प्रति झिझक व भय दूर करने रायगढ़ पुलिस की पहल के तहत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल भूपदेवपुर के छात्र- छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भूपदेवपुर थाना का शैक्षणिक भ्रमण किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक ने विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून की जानकारी दी।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी गई। थाना प्रभारी ने एफआईआर दर्ज होने से लेकर विवेचना, साक्ष्य संकलन, गिरफ्तारी, न्यायालय में चालान पेश करने और न्यायिक प्रक्रिया तक की जानकारी विद्यार्थियों को समझाई।

छात्र-छात्राओं ने थाना परिसर में लॉकअप, मालखाना, वायरलेस कक्ष, थाना प्रभारी कक्ष, आगंतुक कक्ष सहित विभिन्न अनुभागों का भ्रमण किया। उन्हें पुलिस रजिस्टरों के संधारण, पुलिस रैंक, हथियारों और पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली के बारे में भी बताया गया। विद्यार्थियों ने उत्सुकता से सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सहजता से जवाब दिया।

साइबर ठगी से लेकर गुड टच-बैड टच तक दी जानकारी

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी, यातायात नियम, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने, बाल विवाह, नशे से दूरी और आपात स्थिति में पुलिस को सूचना देने के संबंध में जागरूक किया गया।

पुलिस ने साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी। वहीं महिला एवं बालिकाओं की सहायता के लिए रायगढ़ पुलिस की ‘हैलो सिस्टर’ हेल्पलाइन नंबर 9479270533 के बारे में भी बताया गया।

थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक ने विद्यार्थियों को अनुशासन, शिक्षा और अच्छे संस्कार को सफलता का आधार बताते हुए माता-पिता एवं शिक्षकों का सम्मान करने तथा किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय भरोसेमंद व्यक्ति अथवा पुलिस से साझा करने की अपील की।

पुलिस के प्रति बढ़ा विश्वास

भ्रमण के बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की। विद्यार्थियों ने कहा कि थाना भ्रमण से उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिला और पुलिस के प्रति उनका विश्वास बढ़ा है। उन्होंने भविष्य में किसी समस्या के सामने आने पर बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर थाना भूपदेवपुर का पुलिस स्टाफ, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि बच्चों और युवाओं में कानून के प्रति जागरूकता तथा पुलिस के प्रति विश्वास विकसित करना रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। जागरूक विद्यार्थी ही आगे चलकर जिम्मेदार नागरिक बनेंगे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button