कोरबा, 30 सितंबर 2026।फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली कोरबा पुलिस को दो अहम सफलताएं मिली हैं। पुलिस ने पांच वर्ष पुराने मामले में फरार चल रहे स्थायी वारंटी सहित मारपीट के एक मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पांच साल से फरार था स्थायी वारंटी
पुलिस के मुताबिक, स्थायी वारंटी आलोक सागर उर्फ सोना, पिता राजेश सागर, निवासी माझी मोहल्ला, धनुहारपारा, कोरबा के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 137/20 के तहत धारा 147, 455, 364, 294, 506, 323 भादवि एवं 3, 2(5) एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज था।
आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार कर चालान न्यायालय में पेश किया गया था, लेकिन पेशी के दौरान वह न्यायालय में अनुपस्थित होकर फरार हो गया था। पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर 30 सितंबर 2026 को आलोक सागर उर्फ सोना को गिरफ्तार कर लिया।
मारपीट और पैसे मांगने के मामले में दूसरा आरोपी पकड़ा गया
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने अपराध क्रमांक 759/26 के तहत दर्ज मामले में फरार आरोपी समीर कुरैशी उर्फ माया, पिता अमीत कुरैशी, उम्र 28 वर्ष, निवासी सीतामणी चंडिका मंदिर के बगल, मेन रोड, कोरबा को गिरफ्तार किया है। मामले में धारा 119(1), 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी समीर कुरैशी उर्फ माया ने अपने साथी गौतम उर्फ काड़े के साथ मिलकर प्रार्थी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट कर चोट पहुंचाई थी। मामले में गौतम उर्फ काड़े को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है।
फरार चल रहे समीर कुरैशी उर्फ माया को भी पुलिस ने 30 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया। उसे रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
फरार आरोपियों पर लगातार नजर
कोतवाली पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी फरार आरोपी या वारंटी के संबंध में जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।





