featuredछत्तीसगढ़

बच्चों की रुचि के अनुरूप कला एवं रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा का करें विकास : कलेक्टर रोहित व्यास

कलेक्टर रोहित व्यास ने समर कैम्प के समापन समारोह में प्रतिभागियों को वितरित किए प्रमाण-पत्र

15 दिवसीय उल्लास समर कैम्प में वेस्टर्न डांस, भरतनाट्यम एवं चित्रकला का दिया गया प्रशिक्षण

जशपुरनगर, 18जून 2026/ कलेक्टर  रोहित व्यास ने बुधवार को संकल्प शिक्षण संस्थान में छत्तीसगढ़िया क्लाउड ए सोशियो कल्चरल ऑर्गेनाइजेशन, पुरानी टोली द्वारा आयोजित 15 दिवसीय उल्लास समर कैम्प के समापन समारोह में शामिल होकर प्रशिक्षण प्राप्त छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। समर कैंप में बच्चों को वेस्टर्न डांस, भरतनाट्यम एवं चित्रकला का प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर संकल्प शिक्षण संस्थान के प्राचार्य विनोद गुप्ता, सोशियो कल्चरल ऑर्गेनाइजेशन के उपाध्यक्ष डॉ. आनंद कुमार पांडेय, कलाकार प्रभात सिंह, नृत्य प्रशिक्षक सुश्री मनीषा भगत तथा चित्रकला प्रशिक्षक सुमन साहू एवं  टेसु सूर्यवंशी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री व्यास ने समर कैंप के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागी बच्चों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चित्रकला, नृत्य, संगीत और अन्य कलाएं बच्चों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने पालकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को केवल समर कैंप तक ही सीमित न रखें, बल्कि उनकी रुचि के अनुसार वर्षभर कला एवं रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिलाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तेजी से विकसित हो रहा है और कई प्रकार की कलाकृतियां भी एआई के माध्यम से तैयार की जा रही हैं, लेकिन एक इंसान की कल्पनाशक्ति, रचनात्मकता और विचार प्रक्रिया का कोई विकल्प नहीं है। कला हमारी आत्मा से जुड़ी होती है और इसी के माध्यम से व्यक्ति अपनी प्रतिभा एवं कौशल को दुनिया के सामने प्रस्तुत करता है।
कलेक्टर श्री व्यास ने कहा कि यदि किसी बच्चे की रुचि नृत्य, संगीत, चित्रकला, पेंटिंग, स्कल्पचर अथवा अन्य किसी कला विधा में दिखाई देती है तो पालकों को उसे आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। इससे बच्चों की रचनात्मक क्षमता का विकास होता है और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। कलेक्टर श्री व्यास ने प्रशिक्षक  आनंद पाण्डे और उनकी टीम के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके इस प्रयास से जिले के बच्चों कलात्मक प्रतिभा का विकास हो रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि जिले में एक कला केंद्र स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिसे जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके माध्यम से बच्चों को नृत्य, चित्रकला एवं अन्य कलाओं का प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने समर कैंप में भाग लेने वाले सभी बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि 15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में बच्चों ने उत्कृष्ट चित्रकारी और नृत्यकला प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।

आकर्षक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ समापन समारोह

समापन समारोह में बच्चों द्वारा मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं तथा चित्रकला प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। भरतनाट्यम में दीक्षा मिंज, शनि सिंह, वर्तिका पाठक, अथर्व पांडेय, अंशिका पांडे, समृद्धि पांडे, अभ्युदय, अमीषा कश्यप, अनन्या और अमायरा खूँटे सहित अन्य बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं चित्रकला प्रशिक्षण में अथर्व पांडे, अंशिका पांडे, दीक्षा मिंज, देवव्रत बाजपेयी, अभिनव तिवारी, प्रियम कौशल, कृषव सतपती, वेदांत मिश्रा, दिव्यांश मिश्रा और प्रियांश चौबे सहित अनेक विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, पालक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button