featuredकॉर्पोरेटकोरबाछत्तीसगढ़

पंडरीपानी में एचटीपीएस ने लगाया स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर

       140 ग्रामीणों को मिला लाभ

कोरबा, 20 अगस्त 2026। हसदेव ताप विद्युत संयंत्र (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम की ओर से ग्राम पंचायत पंडरीपानी एवं आश्रित ग्राम बिरवट, बंचर और जटानपुर में स्वास्थ्य एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अतिरिक्त मुख्य अभियंता एमके गुप्ता के मुख्य आतिथ्य एवं अतिरिक्त मुख्य अभियंता (सिविल- परियोजना)  एससी पाठक के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित हुआ।

मुख्य अतिथि एमके गुप्ता ने ग्रामीणों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ लेने और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ समय पर बीमारी की पहचान और उपचार में भी मददगार हैं।

मुख्य अभियंता  एचके सिंह के मार्गदर्शन में एचटीपीएस प्रबंधन द्वारा आसपास के गांवों में लगातार स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। ये कार्यक्रम छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी की नई 2×660 मेगावाट परियोजना के कॉरपोरेट एनवायरनमेंटल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CER) के तहत जनहित में संचालित किए जा रहे हैं। जनरेशन कंपनी द्वारा संयंत्र के समीपस्थ 11 गांवों में सीईआर के अंतर्गत विभिन्न जनहितैषी कार्य किए जा रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्याहीमुड़ी, डिंडोलभाठा, चुईया और नवागांव-कला में भी स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जा चुके हैं।

मौसमी बीमारियों से बचाव की दी जानकारी

शिविर में स्वर्गीय बिसाहूदास महंत स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय कोरबा के छाती रोग विशेषज्ञ डॉ. शशिकांत भास्कर ने ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि बारिश और ठंड के मौसम में वायरल संक्रमण, निमोनिया, उल्टी-दस्त, टाइफाइड, मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने पानी उबालकर पीने, मच्छरदानी का उपयोग करने, छींकते समय रूमाल का इस्तेमाल करने तथा नियमित रूप से हाथ धोने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि वायरल संक्रमण से बचाव के लिए संक्रमित व्यक्ति से पर्याप्त दूरी बनाए रखना और स्वच्छता का ध्यान रखना जरूरी है।

महिलाओं को एनीमिया और स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. भारती पटेल ने महिलाओं को एनीमिया से बचाव के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों में खून की कमी को दूर करने के लिए आयरन की दवाओं का नियमित सेवन जरूरी है। गर्भवती महिलाओं को चिकित्सकीय सलाह के अनुसार फोलिक एसिड एवं आयरन की दवा लेने की सलाह दी गई।

उन्होंने माहवारी के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की बात कही। सैनिटरी पैड के स्थान पर कपड़े का उपयोग करने वाली महिलाओं को साफ कपड़ा इस्तेमाल करने तथा उसे अच्छी तरह धोकर धूप में सुखाने के बाद ही दोबारा उपयोग करने की सलाह दी गई।

बच्चों की जांच कर बांटी दवाइयां

एचटीपीएस कोरबा पश्चिम की शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रेणु कौशिक ने बच्चों की स्वास्थ्य जांच की और उन्हें आवश्यक दवाइयां वितरित कीं। सलाहकार (चिकित्सा) डॉ. एससी खरे ने भी ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्वेतांबरी महंता ने किया।

शिविर में 50 ग्रामीणों की मधुमेह एवं रक्तचाप की जांच की गई। परामर्श के बाद 30 ग्रामीणों को सर्दी, खांसी, बुखार एवं आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं, जबकि 40 बच्चों को आयरन की दवा दी गई। पंडरीपानी, बिरवट, बंचर और जटानपुर के महिला, बच्चे एवं बुजुर्ग सहित कुल 140 ग्रामीणों ने शिविर का लाभ उठाया।

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अतिथि श्री एमके गुप्ता, ग्राम सरपंच श्रीमती छतन बाई कंवर सहित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एमआर स्नेही, अधीक्षण अभियंतागण, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार पटेल, स्वास्थ्य विभाग की टीम, अन्य अधिकारी एवं ग्राम के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button