एक फरार वारंटी भी गिरफ्तार, न्यायालय में किया गया पेश; पुलिस ने दी उपद्रवियों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी
बिलासपुर। त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिलासपुर पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में थाना सिविल लाइन पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर हुड़दंग और उपद्रव करने वाले तीन युवकों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। वहीं, एक फरार वारंटी को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर त्योहारों के मद्देनजर क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग और गश्त की जा रही है। इसी दौरान 10 नवंबर 2026 को विवेक पटेल, आर्यन रात्रे और साहिल खान अलग-अलग स्थानों पर हुड़दंग करते पाए गए।
सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और युवकों को समझाइश दी। लेकिन समझाइश के बावजूद उनके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ और वे अधिक उपद्रव करने पर आमादा हो गए। इसके बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की तथा सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।
इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पूर्व से फरार चल रहे वारंटी सिद्धार्थ वर्मा को भी गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध जारी गिरफ्तारी वारंट की तामिली कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई की जद में आए आरोपी
1. विवेक पटेल (30 वर्ष), निवासी मरार गली, मगरपारा।
2. आर्यन रात्रे (19 वर्ष), निवासी मिनीबस्ती, थाना सिविल लाइन, बिलासपुर।
3. साहिल खान (23 वर्ष), निवासी तेलीपारा, संजय ट्रेडर्स, सरजू बगीचा।
4. सिद्धार्थ वर्मा (39 वर्ष), निवासी विजयापुरम कॉलोनी, सरकंडा (वारंटी)।
पुलिस की सख्त चेतावनी
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने और आम नागरिकों को परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।







