जांजगीर-चांपा। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम डिघोरा में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब पीकर आए दिन घर में गाली-गलौच और विवाद करने वाले बेटे की हरकतों से परेशान होकर 71 वर्षीय पिता ने टंगिया से हमला कर उसकी हत्या कर दी। मामले में मुलमुला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 9 नवंबर 2026 की रात की है। ग्राम डिघोरा में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिलने पर मुलमुला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान रावेन्द्र सिंह मंडावी, पिता दिलहरण मंडावी, निवासी ग्राम डिघोरा के रूप में हुई। सूचक की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 482/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में पिता ने कबूला जुर्म
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच तेज की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, परिस्थितिजन्य तथ्यों और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने मृतक के पिता दिलहरण मंडावी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने पुत्र की हत्या करना स्वीकार किया।
टंगिया से किया प्राणघातक हमला
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि उसका पुत्र शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में आए दिन घर में गाली-गलौच तथा विवाद करता था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने गुस्से में टंगिया से अपने पुत्र पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टंगिया बरामद कर जब्त कर लिया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी: दिलहरण मंडावी (71 वर्ष), पिता स्व. छेदू मंडावी, निवासी ग्राम डिघोरा, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
हत्या के मामले का त्वरित खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक शिवानंद सिंह, PSI रितेष परमा, सहायक उपनिरीक्षक नजीर हुसैन, प्रधान आरक्षक अमृत सूर्या, रुद्रनारायण कश्यप, आरक्षक ओमप्रकाश डहरिया, देव मरकाम एवं महिला आरक्षक श्वेता सिंह का सराहनीय योगदान रहा।







