बालको पावर प्लांट की भट्ठी में जलाकर किया जाएगा नष्ट, जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति की मौजूदगी में होगी कार्रवाई

कोरबा, 11 नवंबर 2026। जिले के विभिन्न पुलिस थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज प्रकरणों में जब्त किए गए मादक पदार्थों को नष्ट करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति ने 23 नवंबर 2026 को जब्त मादक पदार्थों के विनष्टीकरण का निर्णय लिया है।
पुलिस अधीक्षक कोरबा के अधीन आने वाले विभिन्न थानों में जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण के लिए जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति का गठन किया गया है। एनडीपीएस के प्रकरणों में विनष्टीकरण की प्रक्रिया के तहत संबंधित थानों द्वारा आवश्यक कार्रवाई पूरी कर नष्टीकरण योग्य प्रकरणों की सूची एवं मूल दस्तावेज समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जा चुके हैं।
समिति के अनुसार कुल 29 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थ नष्टीकरण योग्य पाए गए हैं। इन पदार्थों को 23 नवंबर को सुबह 11 बजे बालको पावर प्लांट की भट्ठी (फर्नेस) में विधिवत जलाकर नष्ट किया जाएगा।
विनष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया समिति के सदस्यों की उपस्थिति में संपन्न होगी। इस दौरान पंचनामा तैयार कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गांजा सहित अन्य जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया जाएगा।
इस कार्रवाई का उद्देश्य एनडीपीएस मामलों में जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार सुरक्षित निपटान सुनिश्चित करना है।







