कोरबा, 5 अक्टूबर 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के दूरस्थ वनांचल, पहाड़ी और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं कलेक्टर कुणाल दुदावत के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने आवेदकों से सीधे संवाद कर उनके प्रकरणों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में जिलेभर से पहुंचे नागरिकों ने विभिन्न विभागों से संबंधित 114 आवेदन प्रस्तुत किए। इनमें वनपट्टा जांच, लंबित मानदेय एवं वेतन भुगतान, शिक्षा प्रोत्साहन योजना का लाभ, पीएम आवास की लंबित राशि, राशन कार्ड, महतारी वंदन योजना की राशि, स्वास्थ्य जांच, किसान क्रेडिट कार्ड, बकरी शेड निर्माण के लिए सहायता, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, राहत राशि, बिजली बिल में सुधार, भूमि अधिग्रहण के बाद नौकरी एवं मुआवजा, सहायक उपकरण तथा राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार और रिकॉर्ड दुरुस्ती से जुड़े मामले शामिल रहे।
योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर
नागरिकों ने लंबित मुआवजा प्रकरणों की जांच, नए राशन कार्ड जारी करने तथा पात्र लोगों को आजीविका के साधनों से जोड़ने सहित अन्य मांगें भी रखीं। कलेक्टर श्री दुदावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण किया जाए और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ बिना अनावश्यक विलंब के दिलाया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि जनदर्शन शासन और नागरिकों के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से आमजन अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखते हैं और संबंधित विभागों को उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा करते हुए प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, ओएसडी तरुण कुमार किरण, सहायक कलेक्टर इशांत जायसवाल, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




