featuredकोरबाछत्तीसगढ़

दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों का कलेक्टर ने लिया जायजा, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

निर्माण कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर, अधूरे काम समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश

कोरबा, 06 अगस्त 2026।जिले के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में संचालित विकास और निर्माण कार्यों की जमीनी हकीकत जानने कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बुधवार को पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड का मैदानी दौरा किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के निर्माणाधीन भवनों और संस्थानों का मौके पर निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कलेक्टर ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गति लाने के साथ गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। सभी अधूरे कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा मनोज बंजारे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

एकलव्य विद्यालय के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

कलेक्टर ने आदिवासी विकास विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पोड़ी के विद्यालय भवन, किचन एवं डाइनिंग ब्लॉक, बालक-बालिका छात्रावास तथा प्रस्तावित परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण ड्राइंग का अवलोकन करते हुए साइट लेवलिंग, प्लिंथ लेवल को सुरक्षित ऊंचाई तक विकसित करने, बाउंड्रीवाल निर्माण में तेजी लाने और लाइन शिफ्टिंग का कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्माण एजेंसी को पर्याप्त मैनपावर लगाकर कार्य में अपेक्षित प्रगति लाने तथा निर्माण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।

धीमी प्रगति पर नाराजगी, एसडीओ और सब इंजीनियर को नोटिस

पोड़ी उपरोड़ा में निर्माणाधीन 100 सीटर बालक आश्रम का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने भवन के सभी कक्षों एवं परिसर की स्थिति देखी। निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई और अतिरिक्त श्रमिक लगाकर शेष कार्य अगले तीन माह में पूरा करने के निर्देश दिए।

निर्माण कार्य में उदासीनता पाए जाने पर संबंधित एसडीओ एवं सब इंजीनियर के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

स्कूल भवनों में गुणवत्ता और मरम्मत कार्यों पर जोर

लमना में निर्माणाधीन हायर सेकेंडरी स्कूल एवं माध्यमिक शाला भवन का निरीक्षण कर कलेक्टर ने अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने कहा। उन्होंने तकनीकी स्वीकृति के अनुरूप निर्धारित सामग्री का उपयोग करने और गुणवत्ता बनाए रखने की हिदायत दी। विद्यालय में प्रयोगशाला एवं पुस्तकालय भवन के निर्माण के लिए शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत करने तथा पुराने भवन में लीकेज, सीपेज सहित आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

समेलीभांठा के प्राथमिक शाला एवं आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने बच्चों की दर्ज एवं वास्तविक उपस्थिति की जानकारी ली। भवन में लीकेज और सीपेज की समस्या दूर करने, रंग-रोगन तथा फर्श पर टाइल्स लगाने सहित आवश्यक सुधार कार्यों का प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने कहा।

अन्य निर्माणाधीन भवनों का भी निरीक्षण

आकस्मिक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पोड़ी उपरोड़ा में निर्माणाधीन चिकित्सक आवास और कोनकोना में ट्रेनिंग सेंटर भवन का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसियों को कार्य में तेजी लाकर भवनों को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।

तानाखार में निर्माणाधीन उचित मूल्य दुकान भवन का निरीक्षण कर शेष कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूरा कराने कहा।

आंगनबाड़ी में बच्चों की गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश

तानाखार पंचायत के ग्राम मांझीपारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में कलेक्टर ने बच्चों की उपस्थिति, ग्रोथ चार्ट, विभिन्न पंजियों और पोषण संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की दर्ज संख्या और उन्हें वितरित किए जा रहे रेडी-टू-ईट आहार की भी जानकारी ली।

कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका को बच्चों की उम्र के अनुरूप शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियां बढ़ाने, नियमित रूप से नई सीखने वाली गतिविधियां संचालित करने और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अधिक सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान स्पष्ट किया कि दूरस्थ क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों का लाभ लोगों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए निर्माण की गति, गुणवत्ता और समय-सीमा—तीनों पर समान रूप से ध्यान देना आवश्यक है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button