
जांजगीर-चांपा,25 अप्रैल 2026।जिले में प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शनिवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित प्रकरणों के निराकरण, राजस्व अभिलेखों के अद्यतन और आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया।


कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर तय समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में आगामी सुशासन तिहार (1 मई से 10 जून) और राजस्व पखवाड़ा (4 मई से 18 मई) की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इन शिविरों के दौरान आम जनता की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों पर सख्ती
कलेक्टर महोबे ने शासकीय भूमि के संरक्षण और अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी शासकीय भूमि का भौतिक सत्यापन कर सीमांकन किया जाए और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही अवैध रेत परिवहन, अवैध प्लाटिंग और अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
डिजिटल कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में एग्रीस्टैक परियोजना, डिजिटल क्रॉप सर्वे, जियो-रेफरेंसिंग, आधार सीडिंग और डिजिटल हस्ताक्षरित खसरा जैसे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इन सभी कार्यों को तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए।
साथ ही आरबीसी 6-4 के प्रकरणों का ऑनलाइन निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
प्रमुख राजस्व मामलों पर फोकस
कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, नक्शा बंटाकन, रिकॉर्ड दुरुस्तीकरण और त्रुटि सुधार जैसे मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा ई-कोर्ट में लंबित प्रकरणों, भू-अर्जन और मुआवजा भुगतान की भी समीक्षा की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, आर.के. तंबोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



