
जांजगीर-चांपा,25 अप्रैल 2026।जिले के थाना बिर्रा क्षेत्रांतर्गत ग्राम करही में हुए गोलीकांड को गंभीरता से लेते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन में मामले की जांच के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
घटना के तुरंत बाद आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस द्वारा उनकी पहचान सुनिश्चित कर जल्द गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम करही में विशेष पुलिस कैम्प स्थापित किया गया है, ताकि क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा सके।
सघन पेट्रोलिंग और निगरानी
पुलिस कैम्प के माध्यम से पूरे इलाके में सघन पेट्रोलिंग की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के साथ ही आने-जाने वाले मार्गों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने अतिरिक्त बल तैनात
क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

आमजन से सहयोग की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।



