featuredकोरबाछत्तीसगढ़

48 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा: जली हुई महिला की हुई पहचान, एक आरोपी गिरफ्तार; दूसरा फरार

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम डुमरमुड़ा के पास 8 अगस्त को मिले जली हुई महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने मृतिका की पहचान ग्राम अमलडिहा निवासी महिला के रूप में की है। मामले में शामिल एक आरोपी किरण कुमार पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका साथी अजय कुमार धनवार फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले के शीघ्र खुलासे और मृतिका की पहचान के लिए कटघोरा थाना एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम को निर्देश दिए थे। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास सघन पूछताछ के साथ गुम इंसान प्रकरणों की जानकारी खंगाली।

शुक्रवार रात से लापता थी महिला

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि ग्राम अमलडिहा निवासी एक महिला शुक्रवार रात से लापता थी। मृतिका के हुलिए और उपलब्ध जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास तेज किए। इसके बाद महिला के संपर्क में रहने वाले लोगों और संभावित संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई।

जांच में सामने आया कि घटना से पहले शाम को किरण कुमार पटेल, पिता चैतराम पटेल और अजय कुमार धनवार को महिला के साथ देखा गया था। घटना के बाद दोनों संदिग्ध फरार हो गए थे।

पूछताछ में खुला हत्या का राज

पुलिस ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर दोनों की तलाश शुरू की और किरण कुमार पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार किया, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर गहन पूछताछ के बाद पुलिस के मुताबिक उसने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि घटना वाले दिन दोनों आरोपी महिला को घटनास्थल की ओर ले गए थे। वहां शराब सेवन के बाद महिला और आरोपियों के बीच विवाद हुआ। पुलिस का दावा है कि विवाद के दौरान दोनों आरोपियों ने मिलकर महिला की हत्या कर दी।

हत्या के बाद शव को पेट्रोल डालकर जलाया

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से महिला के शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।

मामले में पुलिस ने किरण कुमार पटेल, निवासी ग्राम अमलडिहा, थाना कटघोरा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरा आरोपी अजय कुमार धनवार, पिता किताब धनवार, निवासी अमलडिहा, थाना कटघोरा फरार है।

साइबर और भौतिक साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

कटघोरा थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने मामले में उपलब्ध भौतिक, परिस्थितिजन्य एवं तकनीकी साक्ष्यों का संकलन और विश्लेषण किया। पुलिस के अनुसार, इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियों को जोड़ते हुए आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।

फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में अपराध क्रमांक 296/2026, धारा 103(1) BNS के तहत प्रकरण दर्ज है। पुलिस द्वारा वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं और विवेचना जारी है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button