featuredछत्तीसगढ़

कलेक्टर रोहित व्यास ने ग्राम पंचायतों में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की

शासकीय संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों पर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश

दुकानों से अनिवार्य रूप से यूजर चार्ज लेने, डस्टबीन रखने और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा

जशपुरनगर, 18 मई 2026/ कलेक्टर रोहित व्यास ने आज कलेक्टरेट सभाकक्ष में ग्राम पंचायतों में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, खाद्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, मत्स्य पालन विभाग, श्रम विभाग, पशुधन विकास विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर ने शासकीय संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
खाद्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने राशन कार्डधारियों के शेष ई-केवाईसी कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध राशन कार्डों की जांच कर अपात्र एवं मृत व्यक्तियों के नाम हटाने को कहा। साथ ही राशन वितरण में पूर्ण पारदर्शिता बरतने तथा शिकायतों की गंभीरता से जांच करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा कलेक्टर ने पेट्रोल और डीज़ल की ब्लैक मार्केटिंग करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने शेष आंगनबाड़ी भवनों एवं शौचालय निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लंबित ई-केवाईसी कार्य जल्द पूरा करने तथा रिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका पदों की भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करने को कहा। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकित सभी बच्चों की आपार आईडी अनिवार्य रूप से बनाने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया। समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने पेंशन हितग्राहियों के आधार सीडिंग कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
पशुधन विकास विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने नस्ल सुधार के अंतर्गत कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुओं को संक्रामक रोगों से बचाने के लिए शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी पात्र पशुपालक एवं डेयरी किसानों का किसान क्रेडिट कार्ड बनाने के निर्देश दिए। मत्स्य विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने शेष शासकीय तालाबों का नियमानुसार पट्टा वितरण करने, एनएफडीबी अंतर्गत मत्स्य पालक किसानों का पंजीयन सुनिश्चित कराने तथा उन्हें किसान क्रेडिट कार्ड योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक श्रमिकों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, पीएम जनमन आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत सभी आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में संचालित सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा गुणवत्ताहीन निर्माण पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्व-सहायता समूहों में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने, रोजगार के अवसरों में वृद्धि के लिए बैंक लिंकेज मजबूत करने तथा महिलाओं द्वारा संचालित उद्यमों को ऋण वितरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर श्री व्यास ने विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग की महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़ने और आजीविकामूलक गतिविधियों से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने को कहा। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की समीक्षा में कलेक्टर ने ओडीएफ प्लस मॉडल, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा संग्रहण व्यवस्था, हाट-बाजारों की साफ-सफाई, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालय निर्माण, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट तथा स्वच्छता श्रमदान की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दुकानों से अनिवार्य रूप से यूजर चार्ज लेने, दुकानों में डस्टबीन रखने तथा प्रतिदिन कचरा साफ कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में सभी जनपद पंचायत सीईओ और संबंधित विभाग के अधिकारीगण मौजूद रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button