featuredछत्तीसगढ़

रक्तदान और मानव सेवा की मिसाल बने आरक्षक रवि श्रीवास, मिला ‘छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान 2026’

पुलिस ड्यूटी के साथ जरूरतमंदों के लिए रक्त जुटाने में निभा रहे अहम भूमिका, हजारों युवाओं को किया प्रेरित

रायगढ़, 4 अगस्त 2026। पुलिस ड्यूटी के साथ रक्तदान और मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रायगढ़ पुलिस के आरक्षक रवि श्रीवास को प्रतिष्ठित ‘छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें 2 अगस्त को रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल परिसर में हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में प्रदान किया गया।

समारोह में प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी तथा कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने आरक्षक रवि श्रीवास को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में समाज सेवा, रक्तदान, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न जिलों के समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया।

श्री साईं रक्तदान समिति से जुड़े हैं रवि श्रीवास

आरक्षक रवि श्रीवास लंबे समय से श्री साईं रक्तदान समिति के माध्यम से रक्तदान एवं मानव सेवा के कार्यों से जुड़े हुए हैं। वे स्वयं नियमित रक्तदान करने के साथ-साथ युवाओं और नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करते हैं। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने, आपातकालीन परिस्थितियों में रक्तदाताओं का नेटवर्क तैयार करने और रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उनके प्रयासों से दुर्घटना पीड़ितों, गंभीर मरीजों, प्रसूताओं और थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों सहित अनेक जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिली है।

‘रक्तदान महादान’ को बनाया सेवा का संकल्प

रवि श्रीवास और उनकी समिति का मानना है कि ‘रक्तदान महादान’ महज नारा नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को जीवन देने का सरल और प्रभावी माध्यम है। इसी सोच के साथ वे लगातार रक्तदान जागरूकता अभियान चला रहे हैं। रक्तदान के अलावा वे सड़क दुर्घटना पीड़ितों की सहायता, जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की व्यवस्था, युवा जागरूकता कार्यक्रमों और विभिन्न सामाजिक अभियानों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते रहे हैं।

एसएसपी के मार्गदर्शन से मिल रही प्रेरणा

इस सेवा अभियान को आगे बढ़ाने में रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह का सतत मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन मिल रहा है। रवि श्रीवास के सामाजिक सरोकारों से जुड़े प्रयासों की विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं जनसेवी मंचों पर भी सराहना होती रही है।

सम्मान का श्रेय सहयोगियों और रक्तदाताओं को दिया

सम्मान मिलने के बाद आरक्षक रवि श्रीवास ने इसका श्रेय अपने सहयोगियों, स्वैच्छिक रक्तदाताओं, श्री साईं रक्तदान समिति के सदस्यों और मानव सेवा के इस अभियान में सहयोग करने वाले सभी लोगों को दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी रक्तदान जागरूकता अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा तथा जरूरतमंद मरीजों की सहायता और समाजसेवा के कार्य पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ जारी रहेंगे।

रवि श्रीवास को मिला यह सम्मान उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ रायगढ़ पुलिस के उस मानवीय चेहरे को भी सामने लाता है, जो कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने के साथ समाज सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button