featuredछत्तीसगढ़

बिक चुकी जमीन को दोबारा बेचकर लाखों की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार

फर्जी दस्तावेज तैयार कर कराई दूसरी रजिस्ट्री, चांपा पुलिस ने 58 वर्षीय आरोपी को भेजा जेल

जांजगीर-चांपा, 4 अगस्त 2026। पहले से बेची जा चुकी जमीन को फर्जी दस्तावेजों के सहारे दोबारा बेचकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में चांपा पुलिस ने आरोपी रामगोपाल यादव उर्फ ननकीदाऊ (58), निवासी जगदल्ला चांपा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336, 338 एवं 340(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

6.35 लाख रुपये में हुआ था जमीन का सौदा

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक ग्राम कोटाडबरी निवासी गौकरण पटेल ने 4 जून 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रामगोपाल यादव ने अपने नाम दर्ज भूमि का सौदा 6 लाख 350 रुपये में किया था। तहसील कार्यालय चांपा में 100 रुपये के स्टाम्प पर इकरारनामा तैयार किया गया। सौदे के दौरान 50 हजार रुपये नगद अग्रिम तथा बाद में 5 लाख रुपये चेक के माध्यम से आरोपी एवं उसके पुत्र को दिए गए। इसके बाद जमीन की रजिस्ट्री प्रार्थी की पत्नी के नाम कराई गई।

नामांतरण के दौरान सामने आया फर्जीवाड़ा

जमीन के नामांतरण की प्रक्रिया के दौरान इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि आरोपी रामगोपाल यादव उक्त जमीन को वर्ष 1996 में ही ग्राम कोसमंदा निवासी एक व्यक्ति को बेच चुका था। इसके बावजूद नामांतरण नहीं होने का फायदा उठाते हुए आरोपी ने कथित तौर पर दस्तावेजों में कूटरचना कर जमीन की दूसरी प्रति हासिल की और उसी भूमि की दोबारा रजिस्ट्री कराकर धोखाधड़ी की।

शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 286/2026 दर्ज कर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की। जांच के दौरान गवाहों के बयान और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर पहले से बेची गई भूमि को दोबारा बेचने की बात सामने आई।

दस्तावेज जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर

पुलिस ने मामले में किसान पुस्तिका सहित संबंधित दस्तावेज जब्त किए। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर प्रकरण में अतिरिक्त धाराएं जोड़ी गईं। इसके बाद आरोपी रामगोपाल यादव उर्फ ननकीदाऊ को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक भुवनेश्वर राठौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक निकिता साहू, गोपी सिंह, रूकसाना बानो, आरक्षक मुद्रिका दुबे, प्रकाश द्विवेदी, वीरेश सिंह सहित थाना चांपा के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button