featuredकोरबाछत्तीसगढ़

दादरखुर्द कुत्ता हमला: पीड़ित परिवार से मिलीं महापौर और आयुक्त, ₹1 लाख की अनुग्रह राशि दी, आवारा कुत्तों के खिलाफ महाअभियान शुरू

कोरबा, 17 जुलाई 2026। दादरखुर्द बस्ती में आवारा कुत्तों के झुंड के हमले में मासूम प्रकाश पटेल की दर्दनाक मौत के बाद नगर पालिक निगम कोरबा हरकत में आ गया है। शुक्रवार को महापौर संजूदेवी राजपूत और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय पीड़ित परिवार से मिलने दादरखुर्द पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया तथा मृतक के पिता किशोर पटेल को ₹1 लाख की अनुग्रह राशि का चेक सौंपा।

महापौर ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा नगर निगम परिवार पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की आवश्यकता होगी तो निगम हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगा।

रथयात्रा में जाने निकला था मासूम, कुत्तों ने घेरकर किया हमला

जानकारी के अनुसार, मृतक प्रकाश पटेल का परिवार मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के मोहतरा गांव का निवासी है और दादरखुर्द में रहकर मजदूरी करता है। घटना के दिन बच्चे के माता-पिता काम पर गए थे। प्रकाश घर जाकर रथयात्रा में शामिल होने के लिए निकला था, तभी घर के पास आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे घेरकर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

22 आवारा कुत्ते पकड़े गए, विशेष अभियान जारी

घटना को गंभीरता से लेते हुए महापौर और आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम ने आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष महाअभियान शुरू कर दिया है। पहले ही दिन 22 आवारा कुत्तों को पकड़कर डॉग हाउस भेजा गया। अभियान में नगर निगम की टीम के साथ-साथ सक्ती जिले की डॉग स्क्वाड टीम की भी सहायता ली जा रही है।

नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील

महापौर संजूदेवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने नागरिकों से अपील की है कि छोटे बच्चों को अकेला बाहर न छोड़ें। उन्होंने कहा कि इस मौसम में कुत्ते अधिक आक्रामक हो सकते हैं, इसलिए विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है। साथ ही नागरिकों से आवारा कुत्तों की सूचना निगम को देने और उनके बंध्याकरण अभियान में सहयोग करने की भी अपील की गई।

1040 कुत्तों का टीकाकरण, 425 का बंध्याकरण

नगर निगम के अनुसार अब तक 1040 से अधिक आवारा कुत्तों का टीकाकरण और 425 कुत्तों का बंध्याकरण किया जा चुका है। प्रगति नगर, दर्री में पशु जन्म नियंत्रण एवं बंध्याकरण केंद्र भी तैयार हो चुका है, जहां आवारा कुत्तों के नियंत्रण और देखभाल की व्यवस्था की गई है।

इस दौरान वार्ड पार्षद सुनीता चौहान, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर सहित निगम के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button