featuredछत्तीसगढ़

जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी की अध्यक्षता में सामान्य प्रशासन समिति की बैठक संपन्न

शासकीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, 1 जुलाई तक सभी कार्यालयों में प्रचार प्रसार बोर्ड लगाने के निर्देश

तालाबों को पट्टे पर देने से पूर्व जल संरक्षण और जल संचय को प्राथमिकता देने के निर्देश

जांजगीर-चांपा, 16 जून 2026। जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी की अध्यक्षता में जिला पंचायत सामान्य प्रशासन समिति की बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति, विकास कार्यों, प्रशासनिक व्यवस्था तथा जनहित से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में पूर्व पालन प्रतिवेदन पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
सामान्य प्रशासन समिति की बैठक में उद्योग एवं सहकारिता विभाग की नियमित बैठक आयोजित नहीं किए जाने पर सदस्यों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। समिति सदस्यों ने कहा कि विभागीय गतिविधियों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए नियमित बैठकें आवश्यक हैं। सदस्यों ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र बैठक आयोजित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा उसकी जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सहित विभिन्न विभागों में संचालित शासकीय योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान समिति ने सभी विभागों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके लिए सभी विभागों को अपने-अपने कार्यालयों में योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदर्शित करने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार, बाल राइटिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
       बैठक में निर्देशित किया गया कि आगामी 1 जुलाई तक सभी शासकीय कार्यालयों में योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित करने हेतु सूचना बोर्ड एवं प्रचार सामग्री अनिवार्य रूप से स्थापित की जाए, ताकि आम नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी आसानी से प्राप्त हो सके और वे उनका लाभ उठा सकें। बैठक में शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान समिति के सदस्यों ने उन शिक्षकों की जानकारी मांगी, जिन्हें विभाग द्वारा चेतावनी अथवा नोटिस जारी किया गया है। सदस्यों ने निर्देश दिए कि संबंधित शिक्षकों की वर्तमान पदस्थापना का विस्तृत विवरण आगामी बैठक में प्रस्तुत किया जाए। खाद्य विभाग की समीक्षा के दौरान समिति के सदस्यों ने राशन कार्ड बनाने, संशोधन एवं नाम जोड़ने से संबंधित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सदस्यों ने कहा कि किसी भी पात्र हितग्राही को राशन कार्ड बनवाने के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े तथा प्राप्त सभी आवेदनों का त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण किया जाए। बैठक में सभी विकासखंडों के राशन कार्डधारियों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
        बैठक में जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन के विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि जल संरक्षण एवं जल संचय को बनाए रखना वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि तालाबों को पट्टे पर दिए जाने से पूर्व यह सुनिश्चित किया जाए कि वे ग्रामीणों की निस्तारी एवं सिंचाई आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए पर्याप्त रूप से उपलब्ध रहें। सदस्यों ने कहा कि तालाबों में जल संचय एवं संरक्षण बनाए रखने से भूजल स्तर में गिरावट को रोका जा सकेगा तथा किसानों और ग्रामीणों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देशित किया कि तालाबों को पट्टे पर देने से पहले व्यक्तिगत रूप से स्थल निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि जल स्रोत निस्तारी एवं सिंचाई कार्यों के लिए सुरक्षित तो नहीं है तथा जल संरक्षण की स्थिति प्रभावित न हो। समिति के सदस्यों ने विभाग से पट्टे पर दिए गए सभी तालाबों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सामान्य प्रशासन समिति की बैठक में जिले में खरीफ फसल की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान कृषि विभाग से किसानों के लिए खाद एवं बीज की उपलब्धता की विस्तृत जानकारी ली गई। समिति के सदस्यों ने निर्देश दिए कि किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गगन जयपुरिया, सभापति श्रीमती प्रियंका सिंह, श्रीमती प्रमिला साहू, श्री महादेव नेताम, श्री राजकुमार साहू, श्रीमती बबीता रात्रे, श्रीमती उमा राठौर, श्रीमती मोहन कुमारी साहू, सुश्री आशा साव,  सांसद प्रतिनिधि श्री विवेका गोपाला सहित जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, प्रभारी उपसंचालक श्री पंचराम धृतलहरे सहित अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button