featuredछत्तीसगढ़

करीब 70 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को एमआईसी की हरी झंडी

पेयजल,अधोसंरचना, स्वच्छता एवं जनसुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मिली मंजूरी

रायगढ़, 10 जून 2026 नगर निगम की महापौर परिषद (एमआईसी) की बैठक बुधवार की दोपहर महापौर जीवर्धन चौहान की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शहर के विकास, पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ीकरण, अधोसंरचना निर्माण, स्वच्छता व्यवस्था के विस्तार एवं जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में लगभग 70 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान करते हुए आगे की प्रक्रिया के लिए हरी झंडी दी गई।
बैठक में निगम क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगभग 62.68 करोड़ रुपये की लागत से पाइपलाइन विस्तार एवं इंटरलिंकिंग, नवीन बोर एवं पंप स्थापना, पानी टंकी निर्माण, डब्ल्यूटीपी क्षमता वृद्धि एवं मरम्मत तथा नए जल कनेक्शन प्रदान करने संबंधी कार्यों को स्वीकृति दी गई। इन कार्यों के पूरा होने से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को स्थायी मजबूती मिलेगी।
एमआईसी ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण को भी मंजूरी दी। स्ट्रीट लाइट पोलों के रंग-रोगन कार्य में बची राशि से अंबेडकर चौक से सहस्त्रबाहु चौक तक लगाए गए ओवरहेड साइन बोर्डों का उन्नयन कर उन्हें आधुनिक स्वरूप देने का निर्णय लिया गया।
बैठक में वाहन विभाग के संचालन कार्यों के लिए आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने संबंधी प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। इसके अलावा प्रगति नगर एवं मरीन ड्राइव क्षेत्र में सड़क निर्माण के दौरान प्रभावित हो रही पेयजल पाइपलाइन को स्थानांतरित करने तथा आवश्यक स्टील ब्रिज एवं पाइपलाइन विस्तार कार्यों के लिए लगभग 2.79 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई।
स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एसएलआरएम सेंटरों एवं सफाई कार्यों की निगरानी और रखरखाव के लिए दो नए पिकअप वाहन क्रय करने का निर्णय लिया गया। वर्तमान में निगम क्षेत्र के 48 वार्डों में एसएलआरएम मॉडल के माध्यम से घर-घर कचरा संग्रहण एवं प्रसंस्करण कार्य संचालित किया जा रहा है।
बैठक में अधोसंरचना मद से स्वीकृत कुछ नाली निर्माण कार्यों के स्थल परिवर्तन संबंधी प्रस्तावों को भी अनुमोदित किया गया, ताकि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों का बेहतर क्रियान्वयन किया जा सके।
महापौर एवं पार्षद निधि से कराए जाने वाले त्वरित जनहित कार्यों को गति देने के लिए 50 लाख रुपये तक की वार्षिक निविदा आमंत्रित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। इससे छोटे लेकिन अत्यंत आवश्यक विकास कार्यों को शीघ्रता से पूरा किया जा सकेगा।
बैठक में वार्ड क्रमांक 19 स्थित निगम परिसर के टाउन हॉल गार्डन के विकास हेतु लगभग 89.70 लाख रुपये तथा 17 एमएलडी इंटेकवेल के विकास कार्य हेतु लगभग 1.42 करोड़ रुपये के प्राक्कलन को भी मंजूरी दी गई। बैठक में एमआईसी सदस्य सुरेश गोयल,पंकज कंकरवाल,अशोक यादव,पूनम सोलंकी,मुक्तिनाथ बबुआ, त्रिवेणी डहरे, आनंद भगत एवं विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
व्यवस्थित, आधुनिक और नागरिक सुविधाओं से परिपूर्ण होगा शहर
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य रायगढ़ को व्यवस्थित, आधुनिक और नागरिक सुविधाओं से परिपूर्ण शहर के रूप में विकसित करना है। पेयजल, सड़क, स्वच्छता और अधोसंरचना से जुड़े प्रस्तावों की स्वीकृति से शहर के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि निगम जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करते हुए प्रत्येक वार्ड तक मूलभूत सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
भविष्य की जरूरतों का रखा जा रहा है ध्यान
नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि एमआईसी में स्वीकृत प्रस्ताव केवल वर्तमान आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि रायगढ़ शहर की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। पेयजल व्यवस्था के व्यापक विस्तार, अधोसंरचना विकास, स्वच्छता संसाधनों की वृद्धि तथा जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि स्वीकृत कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से क्रियान्वित करने के लिए निगम प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button